- सिंचाई विभाग की अनदेखी के चलते बलदेव रजवाहा रोड जर्जर
दैनिक उजाला, मथुरा/बलदेव : मथुरा जिले में सिंचाई विभाग के अधिकारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बलदेव में नारहौली गांव के समीप रजवाहा रोड धंस गया, जिसमें बच्चों को लेने जा रही स्कूली बस फंस गई।
नरहौली चौराहे से रजवाहा होकर छिबरऊ मार्ग तक जाने वाला रोड गुरुवार को बलदेव में गांव नरहौली पर सुबह सात बजे अचानक धंस गया, जिसमें निजी स्कूल की बस गढ्ढे में तीन फुट तक गहराई में फंस गई। चालक व परिचालक ने हल्ला मचा दिया। काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। गनीमत रही उसमें कोई छात्र-छात्राएं नहीं थी, वह स्कूली बच्चों को लाने जा रही थी।

काफी देर बाद स्कूली बस को बड़ी मुश्किल से जेसीबी मशीन से निकाला गया। तब जाकर स्कूल के पदाधिकारियों, चालक व परिचालक ने राहत की सांस ली।
रजवाहा मुख्य सड़क धंसने से पूरा रास्ता गढ्ढे में तब्दील हो गया। जिससे इस मार्ग से होकर गुजरने वाले वाहनों को काफी दिक्कत हुई। रास्ता बदल कर गये। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने धंसी हुई सड़क को जेसीबी मशीन से सही किया, लेकिन अभी मिट्टी गीली होने व गढ्ढा होने से वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है।
वाहन चालकों को रास्ता बदल कर जाना पड़ रहा है।
स्थानीय सत्यप्रकाश कटारा, अरुण शर्मा, भाकियू नेता लेखराज सिंह प्रधान, पंकज शर्मा, डा. दीपक शर्मा, शरद शर्मा, उमेशचंद्र शर्मा ने कहा यह देखरेख के अभाव में सड़क पूरी तरह से धंस गई है। इस गड्ढे और सड़क का शीघ्र से शीघ्र निर्माण कार्य कराया जाये, अन्यथा कोई बड़ा हादसा दिन व रात्रि में हो सकता हैं।
लोगों ने कहा गढ्ढा काफी बड़ा है। इस रोड के माध्यम से ही लोग आगरा पहुंचते हैं। अधिकांश वाहन इधर से ही आते जाते हैं। सभी को दिक्कत हो रही है। शीघ्र समस्या का समाधान किया जाये।
रजवाहा की पटरी जर्जर, पानी रिसने से बैठी सड़क!
स्थानीय लोगों का कहना है कि या तो यहां कोई कुलावा है, या फिर पटरी जर्जर होने के चलते पानी का रिसाव हुआ है और सड़क धंस गयी है। यह खतरनाक है।

