- सीएम योगी के जनता दरबार में उस समय हड़कंप मच गया जब गाजियाबाद का एक शख्स वहां जहर खाकर पहुंच गया
लखनऊ: लखनऊ में सीएम के जनता दरबार में गुरुवार को एक रिटायर्ड फौजी पहुंचा। अंदर पहुंचते ही उसने वहां मौजूद लोगों से कहा- मैं जहर खाकर आया हूं। यह पता लगते ही वहां हड़कंप मच गया। आनन-फानन में रिटायर्ड फौजी को सिविल अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल, उनकी हालत ठीक है। डॉक्टर चेकअप कर रहे हैं।
रिटायर्ड फौजी का नाम सतबीर गुर्जर (65) पुत्र प्रेम सिंह है। वह गाजियाबाद के लोनी के सिरौली इलाके के रहने वाले हैं। गाजियाबाद विधायक नंद किशोर गुर्जर की शिकायत लेकर सीएम योगी से मिलने के लिए लखनऊ आए थे। पहले सूचना आई थी कि सतबीर ने जनता दरबार के अंदर ही जहर खाया। हालांकि, बाद में यह बात गलत निकली।
उसने खुद बताया था कि वह बाहर से जहर खाकर अंदर गया। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि उसकी तबीयत स्थिर है। सतबीर का कहना है कि उसने जहर खाया है, इसलिए 48 घंटे निगरानी में रखा जाएगा।

सतबीर गुर्जर को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर उसकी जांच कर रहे हैं।
खुद को करगिल योद्धा बताया, कहा- विधायक नंद किशोर अत्याचारी
सतबीर के पास जो एप्लिकेशन मिली है, उसमें उसने खुद को करगिल योद्धा और पूर्व फौजी बताया है। सतबीर ने लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए सीएम योगी से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
सीएम योगी को लिखे लेटर में सब्जेक्ट की जगह सतबीर ने लिखा- अत्याचारी विधायक नंद किशोर गुर्जर द्वारा लोनी की जनता एक प्रार्थी के ऊपर दमन और अत्याचार के संबंध में….
- MLA नंद किशोर गुर्जर ने अप्रैल माह में एक षड्यंत्रकारी कलश यात्रा निकाली थी। इसका षडयंत्र आपकी (योगी) सरकार गिराना था। मैंने समय रहते इस साजिश को पहचान कर सोशल मीडिया पर खुलासा किया, जिसका सबूत मेरे फेसबुक पेज पर है।
- तब से नंद किशोर गुर्जर मेरे ऊपर एक ऐसा अत्याचार कर रहा। जैसे अतीक अहमद और मुख्तार अहमद अपने विरोधियों के खिलाफ करते हैं।
- लोनी विधानसभा क्षेत्र में ‘नंदू टैक्स’ के रूप में करोड़ों रुपए प्रतिदिन कमाए जा रहे। इस पैसे का कुछ भाग भाजपा के शीर्ष पर बैठे इसके एडवोकेट्स को भी जाते हैं।
- हाथ जोड़कर प्रार्थना करता हूं कि मेरी रक्षा की जाए। मैं बहुत बड़े खतरे में हूं।
सतबीर गुर्जर ने लेटर में सीएम योगी को इष्ट देव (भगवान रूप) लिखकर संबोधित किया।

विधायक नंद किशोर बोले- मेरा इस केस से कोई लेना-देना नहीं
विधायक ने कहा- जिस व्यक्ति ने जहर खाया, उसको मैं नहीं जानता हूं। न ही यह व्यक्ति कभी मुझसे मिला। मैंने इसकी जानकारी कराई। इसके भाई का एक वीडियो भी पहले सामने आया था।
यह व्यक्ति फर्जी तरीके से नौकरी लगवाने के मामले में आर्मी से सस्पेंड हुआ, जिसका केस चल रहा। कुछ समय पहले इसी सतबीर गुर्जर और इसके बेटे ने एक आदमी का मर्डर किया। उसकी लाश को भट्टे में फेंक दिया था। लोनी थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज है। दोनों उस मामले में जेल गए।
विधायक ने कहा- यह व्यक्ति अपने भाई का मकान कब्जा रहा है। इस मामले में सीएम पोर्टल पर उसके भाई द्वारा शिकायत की गई। इसमें बिजली विभाग ने कनेक्शन काटने का आदेश भी दिया। वह अपराधी है और उस पर अलग-अलग थानों में केस दर्ज है।
मेरा इस पूरे मामले से कोई भी लेना-देना नहीं है। मेरी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा। अब इस व्यक्ति को जेल नहीं जाना पड़े, इसलिए इस तरह के निराधार आरोप बना रहा।

गाजियाबाद के लोनी से विधायक नंदकिशोर गुर्जर।

