नई दिल्ली : दिल्ली के वित्त मंत्री कैलाश गहलोत आज अपना पहला बजट पेश कर रहे हैं। राजधानी में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद ये नौंवा बजट है। वित्त मंत्री ने कहा कि आठ साल में दिल्ली सरकार ने कई ऐतिहासिक प्रोजेक्ट्स को पूरा किया है। सिग्नेचर ब्रिज, बारापुला का दूसरा चरण पूरा हुआ, आश्रम फ्लाईओवर, और अंडर पास का काम पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि मुझे बताते हुए गर्व हो रहा है कि आठ साल ने पीडब्लूडी ने 28 फ्लाईओवर और एलिवेटेड सड़कों का निर्माण पूरा किया है।
वित्त मंत्री कैलाश गहलोत ने स्पीच की शुरुआत में डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को भगवान राम बताया। उन्होंने कहा, “मनीष सिसोदिया बजट पेश करते तो ज्यादा खुशी होती। जब भगवान श्री राम वनवास गए थे, तब भरत ने सिंहासन पर उनकी खड़ाऊ रखकर राज किया था। वैसे ही मैं काम करूंगा। अगला बजट मनीष सिसोदिया ही पेश करेंगे।”
8 साल में दिल्ली की सूरत बदली – वित्त मंत्री
कैलाश गहलोत ने कहा, ‘8 साल में हमने दिल्ली का चेहरा बदला है। इस दौरान 28 फ्लाई ओवर बनाए हैं और बिचौलिया राज खत्म किया है। दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क को दोगुना किया है।193 किलोमीटर नेटवर्क बढ़ा। ये बजट दिल्ली के लिए जरूरी है, क्योंकि हम जी-20 की मेजबानी कर रहे हैं। ये बजट साफ, सुंदर और मॉडर्न दिल्ली के लिए डेडिकेटेड है।’
एजुकेशन सेक्टर को मिले 16 हजार करोड़
एजुकेशन सेक्टर के लिए बजट में 16,575 करोड़ रुपए दिए गए हैं। दिल्ली सरकार के स्कूलों में अब फ्रैंच, जर्मन, जापानी और स्पेनिश भाषा भी पढ़ाई जाएगी। हर सरकारी स्कूल को 20 नए कम्प्यूटर दिए जाएंगे।
तीन अनोखे डबल डेकर फ्लाईओवर बनेंगे
दिल्ली की सरकार तीन अनोखे डबल डेकर फ्लाईओवर बना रही है। निचले डेक पर वाहन और ऊपर वाले पर मेट्रो चलेंगे जिससे जनता के 121 करोड़ बचेंगे। इसके लिए 320 करोड़ का प्रस्ताव किया।
दो साल में होगा तीनों कूड़े के पहाड़ों का अंत
कूड़े के तीनों पहाड़ों का दो साल में अंत सुनिश्चित करेंगे। दिसंबर 2023 तक ओखला लैंडफिल साइट, दिसंबर 2024 गाजीपुर लैंडफिल, मार्च 2024 तक भलस्वा लैंडफिल साइट का अंत सुनिश्चित करेंगे। कैलाश गहलोत ने कहा कि यह हम डेडलाइन दे रहे हैं और करके दिखाएंगे। कैलाश गहलोत ने शायरी में कहा, जो कामयाबी हासिल करने का जूनून रखते हैं वो समुंदर पर भी पत्थर का पुल बना देते हैं।

