नई दिल्ली : एशिया कप 2025 में आज दुबई में भारत-पाकिस्तान के बीच मैच होना है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच पहला इंटरनेशनल मैच है। हालांकि देशभर के क्रिकेट प्रशंसक बंटे हुए हैं। कहीं विरोध हो रहा है, तो कहीं टीम इंडिया की जीत के लिए हवन पूजा की जा रही है।
22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले और 7 मई को हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद ये पहला मौका है, जब दोनों देशों की क्रिकेट टीमें आमने-सामने होंगी।
हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सरकार से सवाल किया कि क्या मैच से कमाया गया पैसा पहलगाम हमले में मारे गए 26 नागरिकों की जान से ज्यादा कीमती है।
इधर, महाराष्ट्र में शिवसेना UBT गुट के उद्धव ठाकरे ने कहा कि मैच के विरोध में पार्टी की महिला कार्यकर्ता सिंदूर इकट्ठा करेंगी और उसे प्रधानमंत्री को भेजेंगी।
भारत पाक मैच के विरोध में किसने क्या कहा…
असदुद्दीन ओवैसी- असम के मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और सभी से मेरा सवाल है कि क्या आपके पास पाकिस्तान के खिलाफ क्रिकेट मैच खेलने से इनकार करने का अधिकार नहीं है।
अरविंद केजरीवाल – क्लब, पब और रेस्टोरेंट्स मैच न दिखाएं। अगर ऐसा हुआ तो हम प्रदर्शन करेंगे। यह देश के साथ धोखा है।
जिस टीम से मैच, उसके देश पाकिस्तान के हाथ खून से सने

मैंने 2 साल के बेटे और पत्नी की अर्थी अपने कंधे पर उठाई थी….कैसे भूल सकता हूं उन आतंकियों को जो पाकिस्तान से आए थे….मेरे परिवार की खुशियां छीनकर चले गए। भारतीय टीम का उसी देश के साथ क्रिकेट मैच, जब भी होता है जख्म हरे हो जाते हैं। ये दर्द है जयपुर के हरमाड़ा निवासी पवन सैनी का। ऐसे कई परिवार हैं, जिनके परिवार पाकिस्तान में पले आतंकियों की गोली का शिकार हो गए।
अहमदाबाद में AIMIM का भारत-पाकिस्तान मैच के खिलाफ प्रदर्शन

एशिया कप में आज भारत और पाकिस्तान के बीच मैच खेला जाना है। इसके विरोध में AIMIM पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अहमदाबाद में अस्तोडिया दरवाजे के पास विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने “शहीदों के सम्मान में AIMIM मैदान में, भारत-पाकिस्तान मैच का बहिष्कार करो” जैसे नारे लगाए।
IFTDA के अध्यक्ष अशोक पंडित बोले- देश के लिए काला दिन
भारतीय फिल्म और टेलीविजन निर्देशक संघ (IFTDA) के अध्यक्ष अशोक पंडित ने मैच का कड़ा विरोध किया और इसे देश के लिए काला दिन बताया और आयोजकों पर असंवेदनशीलता का आरोप लगाया। पंडित ने कहा- यह देश के लिए एक काला दिन है। हम इतने असंवेदनशील नहीं हो सकते। हमारे क्रिकेटरों को इतनी शर्म आनी चाहिए। पैसा ही सब कुछ नहीं है। मैं सभी क्रिकेटरों से कहना चाहता हूं कि जिनके लिए आप खेलते हैं उनके हाथ खून से सने हैं, और वह खून भारतीयों का है।
पीड़ित परिवार बोला- अब ऑपरेशन सिंदूर बेकार लगता है
पहलगाम हमले के पीड़ितों के परिजन ने भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच के लिए सरकार की आलोचना की। हमले में अपने पिता और भाई को खोने वाले सावन परमार ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अब बेकार लगता है।
सावन ने कहा-

जब हमें पता चला कि भारत बनाम पाकिस्तान मैच आयोजित किया जा रहा है, तो हम बहुत परेशान हो गए। पाकिस्तान से किसी भी तरह का संबंध नहीं रहना चाहिए… अगर आप मैच खेलना चाहते हैं, तो मेरे 16 साल के भाई को वापस लाएं, जिसे इतनी गोलियां लगीं।
सावन की मां किरण यतीश परमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि अगर ऑपरेशन सिंदूर अभी तक पूरा नहीं हुआ है तो मैच क्यों हो रहा है। मैं देश के सभी लोगों से कहना चाहती हूं कि वे पहलगाम आतंकी हमले में अपनों को खोने वाले परिवारों से मिलें और देखें कि वे कितने दुखी हैं। हमारे जख्म अभी भरे नहीं हैं।

