नारनौल : हरियाणा के नारनौल में बिजली निगम के एक कर्मचारी ने पत्नी वियोग में फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। करीब 25 दिन पहले ही उसकी दूसरी पत्नी ने भी फंदा लगाकर ही आत्महत्या की थी। पत्नी की मौत के बाद से वह मानसिक तौर पर परेशान रहता था।
जिसके चलते उसने रविवार शाम को यह कदम उठा लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से सभी आवश्यक कार्रवाई करने के बाद शव को सिविल अस्पताल भिजवाया। जहां अन्य परिजनों के बयानों के आधार पर शव का पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
इधर, युवक के आत्महत्या किए जाने के बाद उसके तीन बच्चे अनाथ हो गए हैं। जिनके लिए अब आगे काफी बड़ी संकट खड़ा हो गया है। तीनों बच्चे अभी छोटे हैं।

सचिन ने उसी घर व उसी कमरे में सुसाइड किया, जहां उसकी पत्नी ने करीब 25 दिन पहले आत्महत्या की थी।
HKRN के तहत लगा हुआ था बिजली निगम में : मृतक की पहचान 30 वर्षीय सचिन कुमार के रूप में हुई है। वह शहर के केशव नगर गली नंबर 3 में रहता था। जोकि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के HKRN कर्मचारी कार्यरत था। हाल में वह गांव कोजिंदा में बतौर लाइनमैन काम कर रहा था।
प्रसव से हुई थी पहली पत्नी की मौत : सचिन की पहली पत्नी की करीब 9 साल पहले प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। पहली पत्नी से एक बेटी है। जोकि अब 8 साल की है। जिसका नाम अवनी है और वह एक प्राइवेट स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ती है।
पांच साल पहले हुई थी दूसरी शादी : सचिन की दूसरी शादी करीब 5 साल पहले सुमन (27) के साथ हुई थी। इस शादी से सचिन को दो बच्चे हैं। जिनमें 3 साल की बेटी कंचन व 14 माह का बेटा कान्हा है। कंचन का इस बार ही दाखिला प्री नर्सरी कक्षा में करवाया है।
दूसरी पत्नी ने 27 अगस्त को किया था सुसाइड : सचिन की दूसरी पत्नी सुमन ने बीते 27 अगस्त को ही फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। जिसके कारणों का खुलासा नहीं हो पाया था। दूसरी पत्नी के भी चले जाने से सचिन मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।
जहां मरी पत्नी, वही किया सुसाइड : रविवार 21 सितंबर की शाम को सचिन ने घर पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने उसकी कमरे में फंदा लगाया, जहां उसकी पत्नी सुमन ने फंदा लगाया था। जिसे बाद में अन्य परिजनों ने देखा।
परिजनों में माता-पिता व एक बड़ा भाई : मृतक सचिन के माता-पिता है। माता-पिता बुजुर्ग हो गए है। पिता बीमार रहते है। जबकि उसके एक बड़ा भाई भी है। जिसकी शादी नहीं हुई है। अब परिवार पर सचिन के तीनों बच्चों की जिम्मेदारी आ गई है।

मौत के बाद घर पर शोक प्रकट करने पहुंचे लोग।
मौत के बाद परिजनों और सहकर्मियों ने क्या बताया…
कजन बोला- बहुत समझाया था, नहीं माना : मृतक के ताऊ के लड़के प्रदीप ने बताया कि पत्नी की मौत के बाद वह अपसेट हो गया था। वह बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए परेशान था। परिजनों व उसके मिलने वालों ने कई बार उसको समझाने की भी कोशिश की, लेकिन वह फिर भी परेशान ही रहता था।
सहकर्मी ने बताया- बहुत परेशान था सचिन : सचिन के साथ काम करने वाले कर्मचारी प्रवीण कुमार ने बताया कि दो-दो पत्नियां मरने के बाद वह डिप्रेशन में चला गया था। जिसके कारण वह बार-बार अपने साथियों से कहता था कि अब वह किस के सहारे जीवन बिताएगा। दो पत्नियों की मौत के बाद अब उससे कौन शादी करेगा।

