Breaking
Wed. Feb 11th, 2026

भारत से पिटने के बाद पाकिस्तान ने किया टीम का ऐलान, बाबर-रिजवान को मिली जगह? 3 नए चेहरों की हुई एंट्री

  • एशिया कप 2025 में भारत से बुरी तरह शिकस्त खाने के बाद पाकिस्तान ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है, पाकिस्तान ने 18 खिलाड़ियों को अपनी टीम में चुना है

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : पाकिस्तान क्रिकेट टीम को एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत के हाथों बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा। टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच कुल 3 मुकाबले खेले गए और तीनों ही मैचों में पाकिस्तानी टीम को हार का मुंह देखना पड़ा। टूर्नामेंट में बुरी तरह हारने के बाद अब पाकिस्तान क्रिकेट टीम अपने घर में साउथ अफ्रीका की मजबूत टीम का सामना करने के लिए तैयार है। दोनों टीमों के बीच 12 अक्टूबर से टेस्ट सीरीज का आगाज होगा, जिसके लिए पाकिस्तान ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 18 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। यह सीरीज ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा होगी और 12 अक्टूबर से लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में शुरू होगी। पहले टेस्ट से पहले टीम को और छोटा किया जाएगा। शान मसूद को टीम का कप्तान बरकरार रखा गया है। वहीं, तीन अनकैप्ड खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया है, जिनमें आसिफ अफरीदी, फैसल अकबर और रोहैल नजीर शामिल हैं।

ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 जीतने वाली साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच पहला टेस्ट 12 से 16 अक्टूबर तक लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 20 से 24 अक्टूबर तक रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में होगा।

8 अक्टूबर तक चलेगा ट्रेनिंग कैम्प

टेस्ट सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच 28 अक्टूबर से 8 नवंबर तक तीन T20 और तीन ODI मैच खेले जाएंगे। इन व्हाइट-बॉल मैचों के लिए पाकिस्तान की अलग टीम की घोषणा बाद में की जाएगी। सीरीज से पहले खिलाड़ियों का ट्रेनिंग कैम्प रेड-बॉल कोच आजहर महमूद और एनसीए कोचों की देखरेख में आयोजित होगा। यह कैंप 30 सितंबर से शुरू होकर 8 अक्टूबर तक चलेगा। हाल ही में एशिया कप खेलने वाले खिलाड़ी 4 अक्टूबर को टीम से जुड़ेंगे।

पाकिस्तान की टीम: शान मसूद (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला शफीक, अबरार अहमद, आसिफ अफरीदी, बाबर आज़म, फैसल अकबर, हसन अली, इमाम-उल-हक, कमरान गुलाम, खुुर्रम शाहजाद, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), नोमान अली, रोहैल नज़ीर (विकेटकीपर), साजिद खान, सलमान अली आगा, सऊद शकील और शाहीन शाह अफरीदी।

साउथ अफ्रीका के पाकिस्तान दौरे का शेड्यूल 

टेस्ट सीरीज

  • 12-16 अक्टूबर – पहला टेस्ट, गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर
  • 20-24 अक्टूबर – दूसरा टेस्ट, रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम, रावलपिंडी

T20I सीरीज

  • 28 अक्टूबर – पहला T20, रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम
  • 31 अक्टूबर – दूसरा T20, गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर
  • 1 नवंबर – तीसरा T20, गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर

ODI सीरीज

  • 4 नवंबर – पहला ODI, इकबाल स्टेडियम, फैसलाबाद
  • 6 नवंबर – दूसरा ODI, इकबाल स्टेडियम, फैसलाबाद
  • 8 नवंबर – तीसरा ODI, इकबाल स्टेडियम, फैसलाबाद

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *