नई दिल्ली/मुंबई/अहमदाबाद : गुजरात में सोमवार को कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। इससे द्वारका में कल्याणपुर को पोरबंदर से जोड़ने वाला स्टेट हाईवे डूब गया। कल्याणपुर के पास एक कार पानी में बह गई। वडोदरा में गरबा पंडाल ढह गए।
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के आठ जिलों में 3,050 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। 1 जून से 29 सितंबर तक बारिश-बाढ़ के कारण 104 लोगों की मौत हो गई है। नांदेड़ में सबसे ज्यादा 28 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा संभाजीनगर, बीड, हिंगोली, जालना, धाराशिव, परभणी और लातूर में लोगों की जान गई।
मराठवाड़ा की 2,701 किलोमीटर सड़कें टूट गईं और 1,504 पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। 1,064 स्कूल, 352 केंद्र और 58 सरकारी बिल्डिंग खराब हुईं। बारिश और बाढ़ को देखते हुए महाराष्ट्र बोर्ड ने 12वीं क्लास के एग्जाम फॉर्म भरने की तारीख 30 सितंबर से बढ़ाकर 20 अक्टूबर कर दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पूरे देश से मानसून की विदाई तय समय 15 अक्टूबर तक होने की संभावना है। पिछले साल भी मानसून 15 अक्टूबर को विदा हुआ था। देश में 1 जून से 30 सितंबर तक होने वाली बारिश मानसूनी मानी जाती है। इसके बाद भी छिटपुट बारिश जारी रहती है।

महाराष्ट्र के नासिक जिले में सोमवार को उफनती गोदावरी नदी के किनारे कई मंदिर डूब गए।

गुजरात के द्वारका में सोमवार को कल्याणपुर को पोरबंदर से जोड़ने वाला स्टेट हाईवे डूब गया।

गुजरात के द्वारका स्थित कल्याणपुर के रावल के पास सोमवार को एक कार पानी में बह गई।

राजस्थान के सीकर में मंगलवार सुबह बारिश के बाद सड़क पर घुटने तक पानी भर गया।
कोलकाता में भारी बारिश ने दुर्गा पूजा के बीच खलल डाला
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मंगलवार से फिर बारिश शुरू हो गई। इससे दुर्गा पूजा की रौनक फीकी पड़ने लगी है। सड़के वीरान हैं। पंडालों में इक्के-दुक्के लोग घूमने के लिए आ रहे हैं।
कोलकाता में नवरात्रि के पहले दिन, 22 सितंबर को भी भारी बारिश हुई थी। देर रात से अगले दिन सुबह तक इतनी बारिश हुई कि शहर में बाढ़ आ गई। पानी में बिजली का करंट फैलने से 7 लोगों की मौत हो गई।
यूपी में बिजली गिरने से 3 की मौत, मथुरा में सड़कों पर 3 फीट तक पानी भरा
यूपी के लगभग 20 शहरों में मंगलवार सुबह से जमकर बारिश हो रही है। राज्य में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है। इनमें एक मथुरा, एक कन्नौज और एक की श्रावस्ती में जान चली गई।
मथुरा और श्रावस्ती में इतनी बारिश हुई कि सड़कें तालाब बन गईं। मथुरा में सड़कों पर 3 से 4 फीट तक पानी भरा है। नालों का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया। भाजपा विधायक पूरन प्रकाश के घर में भी पानी घुस गया है।
गुजरात के भावनगर में कार बही, गांववालों ने तीन लोगों को बचाया

गुजरात में भावनगर जिले के रानीगाम गांव के पास सोमवार की रात शेत्रुंजी नदी की बाढ़ में एक कार फंस गई। कार में तीन लोग सवार थे। कुछ स्थानीय लोगों ने इन्हें देखा और तुरंत गांववालों को सूचना दी। इसके बाद लोगों की मदद से तीनों लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
जेसर तालुका के उप मामलतदार सीबी बोलिया ने बताया कि सोमवार की रात करीब 9 बजे सरपंच ने हमें बताया कि बाढ़ में फंसी इनोवा कार में तीन लोग सवार थे, जिन्हें गांववालों ने बचा लिया।
दिल्ली में भारी बारिश के बीच एयरलाइंस ने एडवाइजरी जारी की
दिल्ली में अचानक हुई भारी बारिश से मंगलवार को शहर की रफ्तार थम गई। कई इलाकों में सड़कों और अंडरपास में पानी भर गया, जिससे यातायात बाधित हुआ। एअर इंडिया, इंडिगो सहित कई एयरलाइन कंपनियों ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की और फ्लाइट में देरी की संभावना जताई।

दिल्ली में दोपहर करीब 12 बजे से बारिश शुरू हुई। एक घंटे से भी कम समय में जखीरा अंडरपास में पानी भर गया। सड़क पर बाइक, ऑटो सहित सभी गाड़ियों के चालक मशक्कत करते दिखे।
मुंबई में 2021 के बाद सितंबर में दूसरी बार सबसे ज्यादा बारिश
मुंबई में इस महीने 606 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। 2021 के बाद से शहर में दूसरी बार सितंबर महीने में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार से शहर में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
मुंबई के कई इलाकों में रविवार और सोमवार को रेड अलर्ट था। मुंबई के कई इलाकों में रविवार सुबह से सोमवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटों में, 100 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। ठाणे जिले के डोंबिवली में रविवार रात भारी बारिश के दौरान एक खुले नाले में गिरने से 13 साल के लड़के की मौत हो गई।
यूपी में कानपुर समेत 10 शहरों में सुबह से तेज बारिश
यूपी में दशहरे से पहले एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मंगलवार सुबह कानपुर, गोंडा, मथुरा, हाथरस, बरेली और नोएडा समेत 10 शहरों में तेज बारिश हुई। हाथरस में इतनी बारिश हुई कि सड़कों में पानी भर गया। कई इलाकों की बिजली गुल हो गई।
मथुरा में बिजली गिरने से 52 साल की महिला मीरा देवी की मौत हो गई। पश्चिम यूपी के कई जिलों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 8 दिनों बाद बारिश का दौर शुरू हुआ है।
गुजरात में आज से तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार से 5 अक्टूबर तक गुजरात में बारिश की संभावना जताई है। अगले 3 दिनों तक खासकर सौराष्ट्र और कच्छ में भारी बारिश की संभावना है।
सौराष्ट्र के राजकोट, द्वारका, पोरबंदर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ और दीव में आज भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जामनगर, अमरेली और कच्छ में हल्की से मध्यम बारिश का यलो अलर्ट है।

