प्रयागराज : प्रयागराज में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को बाइक से करीब 500 मीटर तक घसीटा। इस दौरान युवती चीखती-चिल्लाती रही। उसके कपड़े फट गए और वह अर्धनग्न हालत में हो गई। युवती की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी की हड़बड़ाहट में बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद वे पैदल ही भाग गए।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया है। पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। यह पूरी घटना बुधवार रात सोरांव थाना क्षेत्र में हुई।

बाइक से घसीटने की वजह से युवती को काफी चोटें आई हैं और उसके कपड़े भी फट गए हैं।
दोनों की शादी तय हो चुकी थी
युवती प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव की रहने वाली है। उसका 2 साल से मऊआइमा के रहने वाले अंकित नामक युवक से प्रेम संबंध था। युवक ओबीसी और युवती दलित है। दोनों सोरांव इंटर कॉलेज में साथ पढ़ते थे। इसी दौरान दोस्ती हुई थी फिर प्यार में बदल गई।
लड़की के परिजनों के दबाव में दोनों की शादी भी तय हो गई थी और तैयारियां चल रही थीं। करीब 3 महीने पहले रिश्ते में दरार आ गई और शादी टूट गई। इसके बाद से ही दोनों के बीच कहासुनी चलती रही।
बुधवार को अंकित ने युवती को सोरांव के नूरपुर बाग के पास मिलने बुलाया। वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया और देखते ही देखते अंकित मारने लगा।

बाइक से सड़क पर 500 मीटर तक युवती घिसटती रही।
युवती को साथ ले जाना चाहता था युवक
युवक के साथ उसका दोस्त रंजीत भी आया था। अंकित युवती को जबरन साथ ले जाने पर अड़ा था, लेकिन युवती ने साफ इनकार कर दिया। इसी दौरान रंजीत बाइक चलाने लगा और अंकित पीछे बैठ गया। तभी अंकित ने पीछे से युवती के गले में लिपटा दुपट्टा पकड़ लिया और उसे घसीटना शुरू कर दिया। करीब 500 मीटर तक युवती सड़क पर घिसटती रही।
इस दौरान युवती चीखती-चिल्लाती रही। उसके पैर लगातार घिसटते रहे, कपड़े फट गए और वह अर्धनग्न हालत में हो गई। इस बीच गांव वालों ने उसकी चीखें सुनीं और दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आते देख अंकित युवती को छोड़कर भागने लगा। हड़बड़ाहट में बाइक फिसलकर आगे गिर गई, जिसके बाद दोनों युवक बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गए।
इसके बाद ग्रामीणों ने युवती को संभाला और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची सोरांव पुलिस ने युवती को पास के सीएचसी केंद्र में भर्ती कराया, जहां पर इलाज चल रहा है।
परिजनों ने 1 लाख रुपए छीनने का लगाया आरोप
घटना के बाद लड़की के परिजनों ने कहा- वह रात में घर से एक लाख रुपए लेकर निकली थी। अंकित ने उसे पीटा और रुपए भी छीन लिए हैं।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस सोरांव थाना प्रभारी केशव वर्मा ने बताया- जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो युवती घायल अवस्था में मिली। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे और वह गंभीर हालत में थी। इसके बाद तुरंत उसे इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।

