Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

इंदौर शर्मसार…ऑस्ट्रेलियन महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़, युवक गिरफ्तार:महिला खिलाड़ी को गलत तरीके से छुआ

इंदौर : इंदौर में आईसीसी विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप का मुकाबला खेलने आई ऑस्ट्रेलियन टीम की दो खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने पांच थानों की टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे पकड़ लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है। घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे खजराना रोड की बताई जा रही है।

दोनों महिला खिलाड़ी होटल रेडिसन ब्लू से पैदल कैफे (द नेबरहुड) की तरफ जा रही थीं। तभी सफेद शर्ट और काली टोपी पहने एक बाइक सवार युवक उनका पीछा करने लगा। कुछ ही देर में आरोपी ने इनमें से एक खिलाड़ी को गलत तरीके से छुआ और मौके से भाग निकला।

घबराई दोनों खिलाड़ियों ने तुरंत टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस को मैसेज किया और अपनी लाइव लोकेशन भेजी। जानकारी मिलते ही डैनी सिमंस ने टीम के सुमित चंद्रा से संपर्क कर मदद के लिए कार रवाना कर दी और खिलाड़ियों को सुरक्षित होटल पहुंचाया। दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाना-माना नाम हैं।

ऑस्ट्रेलिया टीम सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है और उसका एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।

बीसीसीआई सचिव बोले- दुर्भाग्यपूर्ण घटना

इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो सदस्यों के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इस तरह की घटना से बदनामी होती है। हम अपराधी को पकड़ने के लिए त्वरित कार्रवाई करने के लिए राज्य पुलिस (मध्य प्रदेश) की सराहना करते हैं। अपराधी को दंडित करने के लिए कानून को अपना काम करना चाहिए।”

सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी अकील की पहचान

सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस की शिकायत पर एमआईजी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने विजय नगर, एमआईजी, खजराना, परदेशीपुरा, कनाड़िया थाने की टीम गठित की। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।

आरोपी की पहचान हुई और शुक्रवार शाम को पुलिस ने खजराना निवासी अकील को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि अकील पर पहले से भी आपराधिक केस दर्ज हैं। वह आजाद नगर में रह रहा था। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी क्रिकेट बोर्ड और जिला प्रशासन को भी दे दी है।

महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी अकील पुलिस की गिरफ्त में है।

महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी अकील पुलिस की गिरफ्त में है।

होटल से मैदान के रूट पर सुरक्षा बढ़ाई गई

इस घटना के बाद खिलाड़ियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। होटल से मैदान तक आने-जाने के रूट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने इस मामले में नाराजगी व्यक्त करते हुए इंटेलिजेंस विंग को फटकार भी लगाई है।

खिलाड़ियों ने सुरक्षा अधिकारी को संदेश भेजा था

महिला खिलाड़ियों ने टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस को संदेश भेजा था। यह संदेश इमरजेंसी के लिए होता है। यह तब दिया जाता है जब कोई पीछा कर रहा है या पकड़ने की कोशिश कर रहा हो।

डैनी सिमंस संदेश पढ़ ही रहे थे कि एक महिला क्रिकेटर का फोन आ गया, जिसने उन्हें पूरी घटना बताई। उन्होंने बताया कि आरोपी की उम्र करीब 30 साल है। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने युवक की बाइक का नंबर नोट किया है।

यह फोटो ऑस्ट्रेलिया की इंदौर में 22 अक्टूबर को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए पिछले मैच की है।

यह फोटो ऑस्ट्रेलिया की इंदौर में 22 अक्टूबर को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए पिछले मैच की है।

एडीसीपी बोले- प्रोटोकॉल में कहां कमी रही, जांच कर रहे

एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि ऑस्ट्रेलियन टीम के सुरक्षा अधिकारी की ओर से शिकायत आई थी कि उनके दो प्लेयर के साथ गलत व्यवहार हुआ है। इस पर केस दर्ज किया है। आरोपी को आईडेंटिफाई कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से खजराना का है। उसका पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड है। हायर अथॉरिटी के साथ मीटिंग कर प्रोटोकॉल सेट किए गए थे। उसमें कहां कमी हुई है, उसकी जांच की जा रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *