प्रयागराज : प्रयागराज में एक निजी फाइनेंस कंपनी की महिला ब्रांच मैनेजर ने पुलिस पर टॉर्चर का आरोप लगाते हुए सुसाइड की कोशिश की। उसके एक साथ नींद की 29 गोलियां खा ली। अब महिला की हालत गंभीर है, ICU में इलाज चल रहा है।
सुसाइड की कोशिश से पहले महिला ने वीडियो बनाया, 1 पेज का नोट लिखा। इसमें आरोप लगाया कि 12 लाख की सारी ज्वेलरी चोरी होने के 5 दिन बाद पुलिस ने FIR किया। अश्विनी सर (फाफामऊ थाना इंचार्ज) और प्रमोद सर (सब इंस्पेक्टर) ने मुझे टॉर्चर किया। जिससे परेशान होकर मैं जान दे रही हूं। मम्मी-पापा मेरे लिए परेशान मत होना।
पीड़ित अभ्या पांडेय गोरखपुर में बरगदवा की रहने वाली हैं। गोरखपुर में ही इनकी शादी हुई है। पति प्राइवेट जॉब करते हैं। अभ्या दो साल से प्रयागराज के फाफामऊ में रहकर अरोहन फाइनेंस कंपनी में सीनियर ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।

नींद की गोलियां खाने से पहले अभ्या पांडेय ने वीडियो बनाकर पुलिस पर आरोप लगाए।
वीडियो में बोली- थाना इंचार्ज और दरोगा ने टॉर्चर किया
अभ्या पांडेय ने नींद की गोलियां खाने से पहले एक वीडियो भी बनाया है। वीडियो में अभ्या ने कहा- पूरा फाफामऊ थाना जानता है कि मेरी ज्वेलरी किसने चुराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
अश्विनी सर (फाफामऊ थाना इंचार्ज) और प्रमोद सर (सब इंस्पेक्टर) ने मुझे टॉर्चर किया। डेढ़ महीने से मुझे सिर्फ गोल-गोल घुमाया जा रहा है। लगातार कॉल करने के बावजूद पुलिस सिर्फ टालमटोल कर रही, जिससे परेशान होकर मैं जान दे रही हूं।

नींद की गोलियां निगलने से पहले लिखा सुसाइड नोट।
नोट में लिखा- मम्मी-पापा मेरे लिए परेशान मत होना
मैं जानती हूं कि मैं जो कदम उठाने जा रही हूं, वह कायरता वाला है। लेकिन क्या करूं, आप ही लोग बताइए। मैं क्या करती, मेरी सारी ज्वेलरी चोरी हो गई। लेकिन, अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। FIR होने में ही सात दिन लग गए। FIR होने के बाद भी एक भी कार्रवाई नहीं हुई। अगर पीड़ित के साथ पुलिस ऐसे करेगी तो जनता का भरोसा कैसे रहेगा?
पुलिस तो जनता की सेवा करने के लिए होती है, न कि जनता को परेशान करने के लिए। मैं अभ्या पांडेय अपनी लाइफ से थक गई हूं। और इसी वजह से अपने आप को खत्म करने का फैसला कर रही हूं। क्योंकि मैं इस बोझ के साथ नहीं जी पा रही हूं कि मेरी सारी ज्वेलरी चोरी हो गई। लेकिन, मैं पुलिस प्रशासन से बस यही उम्मीद करती हूं कि मेरे ना रहने पर ज्वेलरी चोर को ढूंढकर मेरे भाई के सामने लाया जाए, यही मेरी आखिरी इच्छा है। मम्मी-पापा मेरे लिए परेशान मत होना। मुस्कान और ज्योति में मुझे ढूंढ लेना। लल्ला को कहना कि उसकी मां कायर नहीं थी।

फाफामऊ के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ICU में अभ्या का इलाज चल रहा है।
FIR में किरायेदार पर ही ज्वेलरी चोरी का शक
अभ्या पांडेय ने 27 सितंबर को फाफामऊ थाने में ज्वेलरी चोरी की FIR दर्ज कराई थी। FIR के अनुसार, वह 19 सितंबर 2025 को लखनऊ गई थीं। 22 सितंबर को लौटने पर उन्होंने देखा कि उनके कमरे का ताला टूटा हुआ है। कमरे का सारा सामान सही-सलामत था, लेकिन सारी सोने की ज्वेलरी गायब थी।
उन्होंने अपने ही बिल्डिंग के कुछ किरायेदारों पर शक जाहिर किया था, जिन्हें उनकी दिनचर्या और ज्वेलरी के बारे में जानकारी थी। आरोप है कि FIR दर्ज होने के सात दिन बाद तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस प्रशासन ने सिर्फ औपचारिकता निभाई।
भाई बोला- थाना इंचार्ज ने बहन का नंबर ब्लॉक कर दिया
भाई शिवम ने बताया- बहन ने अब तक जो भी कमाया, एक-एक पैसे जोड़कर ज्वेलरी बनवाई थी। वह पुलिस के पास लगातार दौड़ती रहीं। यहां तक कि उसका नंबर भी फाफामऊ थाना इंचार्ज ने ब्लॉक कर दिया। परेशान होकर उसने जान देने की नीयत से एक साथ ढेर सारी नींद की गोलियां निगल लीं। उसे पुलिस ने ही अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बनी है। डॉक्टरों की टीम ICU में उनका इलाज कर रही है।
पुलिस बोली- महिला डिप्रेशन में थी डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने कहा- ज्वेलरी चोरी के मामले की विवेचना चल रही है। महिला ने जान देने का प्रयास क्यों किया, इसका पता लगाने के लिए ACP को जांच सौंपी गई है। थाना इंचार्ज फाफामऊ अश्वनी सिंह ने कहा- महिला डिप्रेशन में थी। इसी कारण उसने नींद की ज्यादा गोलियां खा लीं, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। चोरी के मामले में विवेचना चल रही है और जल्द ही चोर को गिरफ्तार किया जाएगा। अन्य सभी आरोप गलत हैं।

