- राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद ने फरीदाबाद स्थित अल-फलाह विश्वविद्यालय को उसकी वेबसाइट पर गलत मान्यता दिखाने के लिए नोटिस जारी किया है
दैनिक उजाला, एजुकेशन डेस्क : राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) ने अल-फलाह विश्वविद्यालय को अपनी वेबसाइट पर गलत मान्यता प्रदर्शित करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह विश्वविद्यालय दिल्ली विस्फोट जांच के सिलसिले में जांच के घेरे में है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
इन कॉलेजों पर गलत मान्यता दिखाने का आरोप
NAAC ने अल-फलाह विश्वविद्यालय को नोटिस जारी करते हुए कहा कि उसने पाया है कि विश्वविद्यालय न तो NAAC से मान्यता प्राप्त है और न ही मान्यता के लिए आवेदन किया है, फिर भी उसने अपनी वेबसाइट पर यह दर्शाया है कि वह तीन कॉलेज चला रहा है:
अल-फलाह स्कूल ऑफ एजुकेशन एंड ट्रेनिंग (2006 से, NAAC A ग्रेड प्राप्त)
अल-फलाह स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (1997 से, NAAC A ग्रेड प्राप्त)
ब्राउन हिल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (2008 से)
छात्रों और अभिभावकों को गुमराह करने का आरोप
कारण बताओ नोटिस में लिखा है, “यह बिल्कुल गलत है और जनता, खासकर अभिभावकों, छात्रों और हितधारकों को गुमराह कर रहा है।”
नैक ने विश्वविद्यालय से स्पष्टीकरण मांगा है और इसे निर्देश दिया है कि वह अपनी वेबसाइट और किसी भी सार्वजनिक या वितरित दस्तावेज से NAAC से जुड़ी सभी मान्यता संबंधी जानकारी हटा दें।
वहीं, सोमवार को दिल्ली में लाल किले के पास एक कार बम विस्फोट हुआ, जिसमें 13 लोग मारे गए और कई घायल हुए। यह हमला “सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल” के भंडाफोड़ के कुछ ही घंटों बाद हुआ। गिरफ्तार लोगों में अल-फलाह विश्वविद्यालय से जुड़े तीन डॉक्टर भी शामिल हैं।

