Breaking
Thu. Jul 9th, 2026

लीक हो गया था UGC-NET समाजशास्त्र का पेपर? शिक्षा मंत्रालय ने दिए जांच के निर्देश

  • UGC-NET जून 2026 की समाजशास्त्र परीक्षा का पेपर लीक होने के दावों के बाद शिक्षा मंत्रालय ने NTA को जांच के निर्देश दिए हैं

नई दिल्ली: देश की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के आरोपों को लेकर विवाद खड़ा होने के बाद सरकार ने जांच के निर्देश दिए हैं। बता दें कि NEET-UG परीक्षा विवाद के कुछ ही हफ्ते बाद अब UGC-NET जून 2026 की समाजशास्त्र (Sociology) परीक्षा के पेपर लीक होने के दावे सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही रिपोर्टों में आरोप लगाया गया है कि परीक्षा से पहले एक 100 पन्नों की PDF प्रसारित की गई थी, जिसमें मौजूद करीब 90 सवाल वास्तविक परीक्षा के प्रश्नपत्र से मेल खाते थे।

2.25 लाख रुपये में बेचा जा रहा था पेपर?

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि यह कथित प्रश्नपत्र बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में करीब 2.25 लाख रुपये में बेचा जा रहा था। मामले के सामने आने के बाद शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को इन आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया है। सूत्रों के मुताबिक मंत्रालय ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए कहा है। हालांकि, इस संबंध में NTA का आधिकारिक बयान अभी तक सामने नहीं आया है। मीडिया द्वारा संपर्क किए जाने पर भी एजेंसी के अधिकारियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

राहुल गांधी ने साधा था सरकार पर निशाना

बता दें कि इस मामले को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने सोशल मीडिया मंच X पर एक रिपोर्ट शेयर करते हुए दावा किया कि NTA के पास सुरक्षित रहने वाली प्रश्नपत्र तैयार करने से जुड़ी 100 पन्नों की PDF परीक्षा से पहले ही लीक हो गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, उस PDF के लगभग 90 प्रश्न UGC-NET समाजशास्त्र परीक्षा में पूछे गए। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि यही नेटवर्क आगामी CSIR-NET, HTET और ADA जैसी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का भी दावा कर रहा था।

‘एकजुट आवाज ही बदलेगी शिक्षा व्यवस्था’

राहुल गांधी ने कहा कि NEET और NET जैसी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक के आरोप सामने आने के बावजूद केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने में विफल रही है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि लाखों छात्र-छात्राओं की वर्षों की मेहनत सरकार के लिए कोई मायने नहीं रखती। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि न तो निष्पक्ष जांच होती है और न ही छात्रों को न्याय मिलता है। उन्होंने कहा कि देशभर के छात्रों की एकजुट आवाज ही शिक्षा व्यवस्था में बदलाव ला सकती है।

दोबारा आयोजित की गई थी NEET परीक्षा

बता दें कि इससे पहले NEET-UG परीक्षा का पेपर टेलीग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लीक होने के आरोपों के बाद बड़ा विवाद खड़ा हुआ था। इसके बाद परीक्षा रद्द कर मामले की जांच CBI को सौंपी गई थी और इस मामले में अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। NEET की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की गई थी, जिसे अभ्यर्थियों ने पहले की तुलना में अधिक कठिन बताया। इसके नतीजे 20 जुलाई तक जारी होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *