Breaking
Sat. Feb 14th, 2026

4 दिन में डिलीवरी बॉय ने की 2 शादियां:एक को शहर ले गया, दूसरी से गांव में शादी की; प्रयागराज में दोनों पत्नियां थाने पहुंचीं

प्रयागराज : प्रयागराज में एक डिलीवरी बॉय ने 4 दिन में दो शादियां कीं। वह पहली शादी के अगले दिन ही पत्नी के साथ शहर चला गया। फिर वापस गांव आकर दूसरी शादी कर ली। एक साल तक नाटक चलता रहा। आरोपी के घरवाले भी उसका पूरा साथ देते रहे।

पहली पत्नी गांव पहुंची तो राहुल की पोल खुल गई। खुद को बचाने के लिए राहुल ने दोनों पत्नियों खुशबू और शिवांगी से किनारा कर लिया। कई दिनों तक मामला शांत नहीं हुआ तो दोनों पत्नियों ने साथ मिलकर कानूनी मदद लेने की ठानी।

पिछले हफ्ते दोनों एक साथ थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरी बात बताई। पुलिस ने मामले की जांच की और रविवार रात FIR दर्ज कर ली। छानबीन के बाद सोमवार को आरोपी पति को गिरफ्तार किया गया। मामले में आरोपी के घरवालों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। एसओ सरायइनायत संजय गुप्ता ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामला प्रयागराज में सरायइनायत थाना क्षेत्र के दलापुर गांव का है।

तस्वीर में राहुल अपनी पहली पत्नी खुशबू के साथ है। दोनों की शादी 30 नवंबर 2024 को हुई थी।

तस्वीर में राहुल अपनी पहली पत्नी खुशबू के साथ है। दोनों की शादी 30 नवंबर 2024 को हुई थी।

इस तस्वीर में राहुल अपनी दूसरी पत्नी शिवांगी के है। यह शादी 4 दिसंबर 2024 की है।

इस तस्वीर में राहुल अपनी दूसरी पत्नी शिवांगी के है। यह शादी 4 दिसंबर 2024 की है।

30 नवंबर 2024 को पहली शादी

सरायइनायत के दलापुर गांव का रहने वाला राहुल उर्फ रामकृष्ण दुबे स्विगी में डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है। गांव की रहने वाली खुशबू से उसकी नजदीकी थी। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे। दोनों ने 19 अक्टूबर 2023 को कोर्ट मैरिज कर ली। इसकी जानकारी बाद में घर वालों को हुई।

परिवार वालों की मौजूदगी में एक साल बाद 30 नवंबर 2024 दोनों की शादी करवाई गई। दोनों ने पड़िला महादेव धाम में हिंदू रीति से विवाह की रस्में निभाईं।

शादी के अगले दिन पत्नी के साथ शहर चला गया

खुशबू ने बताया कि शादी में उसके परिवार ने 2 लाख नकद, 10 ग्राम की सोने की चेन, सोने की अंगूठी और घरेलू सामान दिया। शादी के अगले ही दिन राहुल उसे लेकर शहर चला गया। अल्लापुर में किराए के मकान में लेकर रहने लगा। पिछले महीने 25 अक्टूबर को उसने बच्ची को जन्म दिया।

यह तस्वीर पहली शादी के दौरान मंदिर में रस्म की है।

यह तस्वीर पहली शादी के दौरान मंदिर में रस्म की है।

4 दिसंबर 2024 को दूसरी शादी

दलापुर गांव की ही शिवांगी ने आरोप लगाया कि उसकी राहुल से 4 दिसंबर 2024 को शादी हुई थी। राहुल ने कभी नहीं बताया कि उसकी पहले भी शादी हो चुकी है और उसकी एक बच्ची भी है। शादी में टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल, तीन लाख रुपये नकद, घर गृहस्थी का सामान और लगभग छह लाख रुपए खर्च हुए। शिकायत है कि शादी के बाद उसके परिवार ने दो लाख रुपए और सोने की चेन की मांग की। मना करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया।

यह दूसरी शादी के दौरान हुई रस्म से जुड़ी तस्वीर है।

यह दूसरी शादी के दौरान हुई रस्म से जुड़ी तस्वीर है।

पहली पत्नी खुशबू ने आरोप लगाया कि 10 नवंबर को वह नवजात बेटी के साथ आरोपी के घर गई। वहां उसके साथ मारपीट की गई। बच्ची की गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों की जान बचाई। तभी उसे दूसरी शादी की बात पता चली। आसपास के जानकारी जुटाकर शिवांगी के पास पहुंची और थाने में शिकायत करने का फैसला किया।

दोनों महिलाओं का कहना है कि राहुल ने दोनों के साथ धोखा किया है। दोनों को अंधेरे में रखकर उनकी जिंदगी बर्बाद कर दी। अब दोनों से ही किनारा कर लिया है। ऐसे में उन दोनों ने संयुक्त रूप से पुलिस आयुक्त प्रयागराज को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की। उसके आधार पर अब एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मामला दर्ज

मामले में राहुल के अलावा उसके पिता राजेश दुबे, मां गीता देवी, दो भाई नितेश और सूरज के खिलाफ भी FIR दर्ज हुई है। सभी के खिलाफ धोखाधड़ी और दहेज उत्पीड़न का भी मामला दर्ज किया गया है। थाना अध्यक्ष संजय गुप्ता का कहना है कि दोनों महिलाओं की शिकायत पर आरोपी पति राहुल दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य पर दहेज के लिए उत्पीड़न करने का आरोप है। धोखाधड़ी कर शादी के मामले में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *