Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

भीषण सर्दी में सहारा बनेगा एनके ग्रुप का रैन बसेरा

मथुरा : नववर्ष 2026 और भीषण शीत लहर को देखते हुए एनके ग्रुप द्वारा तीर्थनगरी वृंदावन के रुक्मिणी विहार क्षेत्र में जरूरतमंदों, असहायों एवं श्रद्धालुओं के लिए रैन बसेरे की व्यापक व्यवस्था की गई है। इस सेवा कार्य का विधिवत शुभारंभ एनके ग्रुप के निदेशक एवं जीएलए विश्वविद्यालय के मुख्य वित्त अधिकारी डॉ. विवेक अग्रवाल ने किया। रैन बसेरे में तीन दर्जन से अधिक लोगों के सुरक्षित एवं आरामदायक विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

कड़कड़ाती ठंड से राहत देने के उद्देश्य से रैन बसेरे को पूरी तरह सुसज्जित किया गया है, जहां बिस्तर, कंबल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता एवं सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। रात के समय खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को मजबूर जरूरतमंदों के लिए यह रैन बसेरा किसी संजीवनी से कम नहीं है।

शुभारंभ अवसर पर डॉ. विवेक अग्रवाल ने कहा कि एनके ग्रुप सदैव समाज के कमजोर वर्गों के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नववर्ष के पावन अवसर पर मानव सेवा को सर्वोपरि मानते हुए रैन बसेरे की शुरुआत की गई है, ताकि कोई भी व्यक्ति सर्दी के कारण असहाय न रहे। उन्होंने कहा कि सेवा और संवेदनशीलता ही किसी भी संस्थान की वास्तविक पहचान होती है।

कार्यक्रम में पूरोहित जी, सौरभ कसेरा, देवेंद्र अग्रवाल सहित एनके ग्रुप परिवार के अन्य सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एनके ग्रुप की इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

निशुल्क चाय सेवा भी बनी सहारा

रैन बसेरे के साथ-साथ एनके ग्रुप द्वारा वृंदावन क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों के लिए निशुल्क चाय सेवा भी निरंतर संचालित की जा रही है। कड़ाके की ठंड में गर्म चाय ने राहगीरों, बुजुर्गों और गरीबों को बड़ी राहत दी। एनके ग्रुप की यह सेवा भावना नववर्ष पर मानवता, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश दे रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *