पटना : उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वे कह रहे हैं कि बिहार में लड़की 20-25 हजार में मिल जाती है।
मामला अल्मोड़ा की सोमेश्वर विधानसभा का है, जिसमें भाजपा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री के पति कुछ लड़कों पर शादी ना होने पर तंज कसते हुए नजर आ रहे हैं। गिरधारी सामने बैठे कार्यकर्ता से कहते हैं- ‘चलना हमारे साथ, हम तुम्हारी शादी करवा देंगे।’
इस पूरे मामले को लेकर RJD ने मंत्री के पति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इधर, बिहार महिला आयोग ने पूरे मामले पर स्वतः संज्ञान लिया है। महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा, मामले पर महिला मंत्री के पति को नोटिस भेजा जाएगा। उनसे जवाब मांगा जाएगा।
वहीं, उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा-

ये सीधे तौर पर पूरे देश और बिहार की महिलाओं का अपमान है। यह बयान महिलाओं को वस्तु के रूप में देखने वाली विकृत मानसिकता को भी उजागर करता है। रेखा आर्य को अपने पति के साथ मीडिया के सामने आकर माफी मांगनी चाहिए।

2027 की तैयारी में रेखा आर्या और उनके पति
2022 में सोमेश्वर से विधायक और मंत्री रेखा आर्य 2027 की तैयारी में जुट गई हैं। उनके पति गिरधारी लाल चुनाव की तैयारी में पूरा साथ दे रहे हैं।
करीब 7-8 दिन पहले चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए ही गिरधारी लाल अल्मोड़ा जिले में पड़ने वाली सोमेश्वर सीट के दौलाघाट क्षेत्र में पहुंचे थे। यहां पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने वाले एक कार्यक्रम में उन्होंने मंच से ये बयान दिया।
अब पढ़िए क्या है पूरा बयान…
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गिरधारी लाल साहू सामने बैठे युवा कार्यकर्ता से उसकी उम्र पूछते हुए कहते हैं-

नवीन तुम कितनी उम्र के हो बेटा? तुम तो नौजवान ही हो। शादी भी नहीं हुई तुम्हारी। तो फिर तुम शादी बुढ़ापे में करोगे? अभी तक तीन चार बच्चे हो जाते। लड़की हम तुम्हारे लिए बिहार से ले आते हैं। बिहार में 20-25 हजार में मिल जाती है। चलिए मेरे साथ तुम्हारी शादी करवाते हैं।
अब जानिए विपक्षी दलों ने इस बयान पर क्या कहा
भाजपाइयों ने महिलाओं का अपमान करने की ठान ली हैःRJD
मामले पर राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा, ‘उत्तराखंड सरकार में रेखा आर्या महिला सशक्तीकरण मंत्री हैं। उनके पति साहू ने बिहार की बेटियों के बारे में, महिलाओं की इज्जत के बारे में इतना नीच बयान दिया है। बयान से यहां की महिलाओं में आक्रोश है।’
RJD के ऑफिशियल X अकाउंट से गिरधारी लाल साहु के विवादित बयान वाला वीडियो शेयर किया गया। RJD ने लिखा- ‘इस पर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का भाजपा की ओर से स्पष्टीकरण आना चाहिए! पर बिहार भाजपा, जेडीयू और समस्त BJP के नेताओं के मुंह पर अब ताला लग जाएगा!’
वहीं, उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा- इस तरह की सोच मानव तस्करी, बाल विवाह, महिला शोषण और लैंगिक अपराध जैसी सामाजिक बुराइयों को सामान्य बनाने का काम करती है, मंत्री के पति ने उत्तराखंड का नाम खराब करने का काम किया है।
बिहार महिला आयोग ने लिया संज्ञान, मांगा जवाब
मामले पर बिहार महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा, सोशल मीडिया के जरिए ये बयान मेरे संज्ञान में आया है। मामले पर उत्तराखंड सरकार की मंत्री के पति से जवाब मांगा जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘पूरा समाज देख रहा है कि बिहार की महिलाएं किस तरह से आगे बढ़ रही हैं।’

