उत्तर प्रदेश : यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सर्द हवाओं से पहाड़ी इलाकों जैसी ठिठुरन होने लगी है। CM योगी ने 5 जनवरी तक स्कूल-कॉलेज बंद करने आदेश दिए हैं। इस बीच शनिवार सुबह आगरा समेत 35 जिले कोहरे की चपेट में रहे। विजिबिलिटी 10 मीटर तक सिमट गई। कई जगह सड़कें सुनसान दिखाई दीं।
लोग घरों के बाहर अलाव जलाकर बैठने को मजबूर हैं। गोरखपुर में भयंकर ठंड से जानवर भी कांप उठे। जू में तेंदुए के लिए हीटर लगाया गया है। हल्की धूप निकलने पर शेर, जिराफ समेत तमाम जानवर राहत के लिए बाड़े में घूम रहे हैं। काशी में सुबह-सुबह हल्की बूंदाबांदी से ठिठुरन और बढ़ गई।
कोहरे के चलते वाराणसी समेत तमाम रेलवे स्टेशनों पर 70 से ज्यादा ट्रेनें 2 से 14 घंटे की देरी से चल रही हैं। खराब मौसम से हवाई सफर भी प्रभावित हुआ है। गोरखपुर समेत कई एयरपोर्ट्स पर 10 से ज्यादा उड़ानें कैंसिल हैं, जबकि कई फ्लाइट्स देरी से उड़ीं।
इस बीच शनिवार को लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर समेत कई जिलों में कोहरा नहीं गिरा। हालांकि, 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गलन भरी पछुआ हवाओं ने गलन बढ़ा दी है। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों से सर्द हवाओं से अगले सात दिनों में दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।

अयोध्या में शीतलहर जारी है। कोहरा छाया हुआ है। राम मंदिर कोहरे में लिपटा नजर आया।

मुरादाबाद में शीतलहर के साथ घना कोहरा छाया हुआ है। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।

अयोध्या में पौष पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में पावन स्नान किया और पूजा की।

गाजीपुर में कड़ाके की ठंड से इंसान के साथ जानवर भी कांप रहे हैं। उनके लिए बाड़े में अलाव जलाए जा रहे हैं। गर्म कपड़ों की भी व्यवस्था की जा रही है।

कन्नौज में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस बीच अलाव के पास एक गोवंश खड़ा नजर आया।
हरदोई सबसे ठंडा, अगले 3 दिन भीषण ठंड का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 3 दिन भीषण कोल्ड-वेव की चेतावनी जारी की है। 7 दिन घने कोहरे की वजह से सुबह और रात के समय विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है। लोगों को सतर्क रहने और जरूरी न होने पर यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश हरदोई में सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 5.5°C रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद अलीगढ़ में पारा 6.4°C, आगरा में 6.9°C, कानपुर में 7.2°C और इटावा में पारा 7.4°C रिकॉर्ड किया गया।

