Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

कोहरे का कहर- 9 गाड़ियां भिड़ीं, 5 की मौत:मृतकों में पति-पत्नी और बेटी; यूपी में शिमला से ज्यादा ठंड, 100 से ज्यादा ट्रेनें लेट

उत्तर प्रदेश : यूपी में पहाड़ों जैसी कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। पछुआ हवाओं ने गलन बढ़ा दी है। सुबह से बलिया, झांसी, गोरखपुर समेत 50 जिले घने कोहरे की चपेट हैं। कई जगह ओस की बूंदें रिमझिम बारिश जैसी पड़ रही हैं। विजिबिलिटी शून्य से 10 मीटर तक सिमट गई है।

सड़कों पर सन्नाटा छाया है। लखनऊ, भदोही, बलिया, संभल और गाजीपुर समेत 10 शहरों में बादल छाए हैं। 10 से 15 किमी/घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चल रही हैं। दिन में भी कोल्ड डे (शीत दिवस) जैसी स्थिति बनी हुई है।

कोहरे के चलते सोमवार को 2 हादसे हुए। 9 गाड़ियां टकराईं। 5 लोगों की जान चली गई और 10 से ज्यादा घायल हुए। मरने वालों में मां-पिता और बेटी भी शामिल है।

  • मुजफ्फरनगर: हाईवे पर कोहरे एक बाइक पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। नई मंडी थाना क्षेत्र में हुए हादसे में मां-पिता और बेटी की मौत हो गई। बेटा गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान जड़ौदा गांव निवासी सोनू (38), पत्नी राधिका (27) और बेटी रिया (10) के रूप में हुई है। बेटा कल्लू (6) घायल है।
  • आगरा: थाना इरादत नगर में आगरा-ग्वालियर मार्ग पर कोहरे से 7 वाहन आपस में टकराए। खारी नदी के पास विजिबिलिटी बहुत कम होने की वजह से एक के बाद एक 5 ट्रक और दो कारें भिड़ गईं। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। आधा दर्जन लोग घायल हैं।

कोहरे की वजह से रेल और हवाई यातायात चरमरा गया है। गोरखपुर और वाराणसी समेत तमाम रेलवे स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रही हैं। लखनऊ से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनें 15 घंटे तक देरी से चल रही हैं। तेजस और शताब्दी जैसी VIP ट्रेनें भी 2-2 घंटे की देरी से चल रही हैं। वहीं, एयरपोर्ट्स पर 5 से ज्यादा फ्लाइटें कैंसिल हैं। कई देरी से उड़ान भर रही हैं।

कड़ाके की ठंड की वजह से प्रदेशभर के स्कूल-कॉलेज आज यानी 5 जनवरी तक बंद हैं। वाराणसी में 8वीं तक के स्कूल 6 जनवरी तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिन बेहद अहम रहने वाले हैं। फिलहाल तापमान में मामूली वृद्धि देखी जा रही है, लेकिन सर्द पछुआ हवाएं हाड़ कंपा रही हैं।

पिछले 24 घंटे की बात करें तो कानपुर (3.2°C) शिमला (7°C) से भी ज्यादा ठंडा रहा। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। पश्चिमी विक्षोभ भी गुजर चुका है। जब विक्षोभ पास होता है तो तापमान में थोड़ा उछाल आता है, लेकिन उसके बाद गिरावट होती है। ऐसे में अब एक बार फिर ठंड बढ़ेगी।

​​​​

आगरा-ग्वालियर हाईवे पर कोहरे के चलते 7 वाहन आपस में टकरा गए।

आगरा-ग्वालियर हाईवे पर कोहरे के चलते 7 वाहन आपस में टकरा गए।

प्रयागराज में माघ मेले के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु त्रिवेणी संगम घाट पहुंच रहे हैं।

प्रयागराज में माघ मेले के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु त्रिवेणी संगम घाट पहुंच रहे हैं।

आगरा में सुबह घना कोहरा देखने को मिला। 100 मीटर दूर से ताजमहल दिखाई नहीं दे रहा था।

आगरा में सुबह घना कोहरा देखने को मिला। 100 मीटर दूर से ताजमहल दिखाई नहीं दे रहा था।

अयोध्या राम मंदिर कोहरे में छिप गया। 50 मीटर से दूर से देखना मुश्किल था।

अयोध्या राम मंदिर कोहरे में छिप गया। 50 मीटर से दूर से देखना मुश्किल था।

जनवरी में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में जारी ला-नीना परिस्थितियां धीरे-धीरे कमजोर होकर जनवरी-फरवरी-मार्च में तटस्थ स्थिति में बदल सकती हैं। इसके असर से जनवरी में प्रदेश के बड़े हिस्से में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य या उससे थोड़ा अधिक रह सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 7 जनवरी तक प्रदेश में ठंड और कोहरे का असर बना रहेगा। न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहेगा। कुछ इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है। पूरे महीने की बात करें तो शीतलहर के दिन औसत से 3 दिन अधिक रह सकते हैं।

ललितपुर में पारा 3 डिग्री तक लुढ़का, अलाव के पास जानवर भी बैठे दिख रहे

ललितपुर के मड़ावरा में सोमवार को सीजन की अब तक की सबसे ज्यादा ठंड दर्ज की गई है। सुबह से ही आसमान में घना कोहरा छाया हुआ और सर्द हवाएं चल रही हैं। जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त है। लोग घरों में दुबके बैठे और आग का सहारा लेने को मजबूर हैं। कल तक जो न्यूनतम तापमान 10 था, वह लुढ़ककर सोमवार को 8 पर आ गया है। अधिकतम 22 से घटकर 19 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया।

अमेठी में कड़ाके की ठंड, बर्फीली पछुआ हवाओं ने गलन बढ़ाई

अमेठी जिले में मौसम का मिजाज बदलने से ठंड का असर तेज हो गया है। सोमवार सुबह शीतलहर, बर्फीली पछुआ हवाओं के कारण गलन बढ़ गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। जिले का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

प्रयागराज में कोहरे से निजात, धूप निकलने की संभावना; ठंडी हवाओं से गलन बढ़ी

प्रयागराज में आज सोमवार सुबह से ही मौसम बिल्कुल साफ बना हुआ है। यहां लोगों को कोहरे से निजात मिली है। कल रविवार को भी मौसम साफ था लेकिन ठंड हवाओं से गलन बहुत ज्यादा रही। इससे लोग कांपते दिखे। आज 11 °C के करीब पारा है। मौसम विभाग का कहना है कि आज दिन में हल्की धूप निकलने की संभावना है।

आगरा में कोहरे का कहर, 7 वाहन टकराए, 2 की मौत

आगरा में कोहरे से 7 वाहन आपस टकराए। थाना इरादत नगर में आगरा-ग्वालियर मार्ग पर खारी नदी के पास 5 ट्रक और दो कारें आपस में टकरा गईं। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। आधा दर्जन लोग घायल हैं।

कोहरे के चलते ट्रैक्टर-टॉली में घुसी बाइक, मां-पिता और बेटी की मौत

  • मुजफ्फरनगर में नेशनल हाईवे (NH-58) पर कोहरे की वजह से हुए सड़क हादसे में मां-पिता और बेटी की मौत हो गई। कोहरा ज्यादा होने की वजह से बाइक पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई। घटना नई मंडी थाना क्षेत्र में हुई।
  • मृतकों की पहचान जड़ौदा गांव निवासी सोनू (38), पत्नी राधिका (27) और बेटी रिया (10) के रूप में हुई है। इस दुर्घटना में उनका बेटा कल्लू (6) घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
  • जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

चंदौली में ठंड, कोहरे और गलन से लोग परेशान; स्कूल 15 जनवरी तक बंद

चंदौली के सकलडीहा क्षेत्र में ठंड, कोहरे और गलन से जनजीवन प्रभावित है। सोमवार की सुबह कोहरा तो नहीं रहा, लेकिन बादल छाए रहे। ठंड, गलन और शीतलहर जारी रही। AQI 193 रहा। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। जिला प्रशासन की ओर से सरकारी स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाकर 15 जनवरी तक कर दी गई हैं। इसके साथ ही निजी स्कूल को 5 जनवरी तक बंद किया गया है। सकलडीहा स्टेशन होकर जाने वाली ट्रेनें अब भी काफी लेट चल रही है।

बलिया में गलन और घना कोहरा, । तापमान 9 डिग्री सेल्सियस

बलिया के नगरा में गलन और घना कोहरे से आम जनजीवन अस्त व्यस्त है। तापमान 9 डिग्री सेल्सियस है। हवा की रफ्तार 6 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। तीन दिन से धूप के दर्शन नहीं हुए हैं। घने कोहरे और गलन से चारों तरफ सन्नाटा पसरा है।

गोंडा में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा, ट्रेनें लेट

  • गोंडा जिले में कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा जारी है। तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। आज गोंडा में न्यूनतम 8 डिग्री और अधिकतम 18 डिग्री तापमान पहुंच चुका है। सबसे ज्यादा तापमान में गिरावट आज देखने को मिली।
  • तापमान में लगातार गिरावट और बर्फीली हवाई चलने के साथ ठिठुरन काफी बढ़ गई है। जिससे लोगों को बाहर निकलने में काफी दिक्कतें हो रही है। गोंडा से लखनऊ गोंडा से अयोध्या और गोंडा से बस्ती होते हुए गोरखपुर जाने वाले लोगों को 2 घंटे अतिरिक्त लेकर के जाना पड़ रहा है।

घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा बलिया; न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री

  • बलिया में सोमवार को सुबह चितबड़ागांव घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा। सुबह से ही कोहरा छा जाने के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। घने कोहरे के कारण आमजन के साथ दफ्तर जाने वालों को परेशानी उठानी पड़ी।
  • न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। कोहरे और नमी के कारण लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए।

भदोही में शीतलहर, बादल छाए; कोहरे से राहत, लेकिन गलन बरकरार

भदोही जिले के कोइरौना क्षेत्र में शीतलहर का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। सुबह आठ बजे तापमान 11 डिग्री रहा। बादल छाए रहे। कोहरे से राहत मिलने पर दृश्यता सामान्य बनी रही।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *