हिसार : भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत शपथ ग्रहण के बाद पहली बार कल अपने गृह जिले हिसार आ रहे हैं। यहां उनका बचपन से लेकर कॉलेज दिनों तक का समय बीता है। उनके आगमन को लेकर हरियाणा सरकार, हरियाणा एंड पंजाब हाईकोर्ट से लेकर हिसार प्रशासन तैयारियों में जुटा है।
सीजेआई का जिस-जिस रूट पर कार्यक्रम है, उसको चमकाया जा रहा है। सुरक्षा के हर बिंदुओं की जांच की जा रही है। हिसार रेंज के आईएएस और एचपीएस अधिकारियों को सुरक्षा में लगाया गया है। 3 आईएएस, 11 डीएसपी सहित नौ पुलिस की कंपनियां सुरक्षा में लगाई गई हैं।
एक कंपनी में करीब 100 पुलिसकर्मी होंगे। कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा रहेगा। सीजेआई के कार्यक्रमों में केवल आई कार्ड के जरिए ही एंट्री होगी। हिसार से हांसी जाने वाले रूट को क्लियर किया जा रहा है। ट्रैफिक प्लान इसके लिए बनाया जा रहा है। हिसार शहर में उनके आगमन पर पुलिस नाकाबंदी कर सकती है।

हिसार कोर्ट के आगे सीजेएम के सम्मान समारोह की तैयारियां चल रही हैं।
तीन लेयर में होगी सुरक्षा, पैतृक गांव और स्कूल पर भी नजर
CJI अपने प्रवास के दौरान कोर्ट परिसर में 316 नए चैंबरों का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे अपने पैतृक गांव पेटवाड़ और वहां स्थित स्कूल में भी जाएंगे, जहां उन्होंने शिक्षा प्राप्त की थी। एयरपोर्ट से लेकर कोर्ट परिसर और पेटवाड़ गांव तक के पूरे रूट को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सेशन जज, जिला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने खुद कार्यक्रम स्थलों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। सीजेआई को थ्री लेयर में सुरक्षा दी जाएगी।

सीजेआई के आगमन से पहले राजगढ़ रोड पर होर्डिंग्स व बैनर लगाए जा रहे हैं।
हिसार एयरपोर्ट पर लैंड होगा प्लेन
अभी तक के शेड्यूल के हिसाब से हिसार एयरपोर्ट पर सीजेआई का प्लेन 9 जनवरी दोपहर 3 बजे लैंड होगा। उनके स्वागत को राज्य के तमाम बड़े अधिकारी व हाईकोर्ट के प्रशासनिक अधिकारी व हिसार की सेशन जज भी जाएंगी। इसके बाद सीजेआई सीधा हांसी जाएंगे। यहां बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
करीब आधा घंटा यहां रुकने के बाद वह हिसार बार के हाई टी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वह स्टेट डिनर में जाएंगे। यहां वे हाईकोर्ट के न्यायाधीशों, हिसार कोर्ट के ज्युडीशियल अफसरों, हरियाणा सरकार के अधिकारियों के साथ डिनर करेंगे।
इसके बाद अगले दिन वह हिसार से बरवाला और नारनौंद कोर्ट कॉम्पलेक्स का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह अपने पैतृक गांव पेटवाड़ जाएंगे। यहीं से इसी दिन हिसार में एलुमनी मीट में पुराने गवर्नमेंट कॉलेज जाएंगे

