Breaking
Fri. Apr 17th, 2026

मंदिर में चोरी के बाद भावुक हो गया चोर, देवी मां के सामने हाथ जोड़कर मांगी माफी; CCTV में सब दिख गया

  • झांसी से आस्था को शर्मसार करने वाली एक अनोखी घटना सामने आई है जहां एक चोर ने पहले मंदिर में चोरी की और फिर जाते-जाते देवी माता के सामने 2 बार हाथ जोड़कर माफी मांगते भी दिखा

झांसी : झांसी के गरौठा थाना क्षेत्र के एक मंदिर में अनोखी चोरी का मामला सामने आया है, जहां एक चोर ने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले 2 बार हाथ जोड़ते हुए देवी माता से माफी मांगी। यह अनोखी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

गरौठा थाना क्षेत्र के मढां रोड स्थित बड़ी माता मंदिर से देवी के आभूषण चोरी करने का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है। सीसीटीवी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बीती रात नीले रंग की हुडी और सिर पर कैप पहने एक बदमाश मंदिर में दाखिल होता है। वह एक-एक मूर्ति के पास जाकर तलाशी लेता है। इसके बाद माता के श्रृंगार में चढ़े सोने-चांदी के आभूषण उतारकर मौके से फरार हो जाता है। लेकिन जाते-जाते वह दो बार भगवान के सामने हाथ जोड़ता है, जैसे प्रार्थना या माफी मांग रहा हो।

मंदिर का ताला टूटा मिला

सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ है और माता के आभूषण गायब हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर की छानबीन की। जांच के दौरान मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक बदमाश चोरी करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। पुलिस ने वीडियो फुटेज को कब्जे में लेकर अज्ञात चोर की पहचान शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

वहीं, इसी चोरी से जुड़ा एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर वही चोर मंदिर में चोरी करने के बाद देवी के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आ रहा है। यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में मंदिरों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *