Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

गहलोत बोले-राजस्थान में 2-साल में हुई भर्ती परीक्षाएं संदेह में:बोर्ड के कर्मचारियों ने ही OMR शीट में गड़बड़ी की

जयपुर : पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने ओएमआर शीट में गड़बड़ी के मामले में कर्मचारी चयन बोर्ड के कर्मचारियों के पकड़े जाने के बाद अब इस अवधि में हुई सभी परीक्षाओं की जांच करवाने की मांग की है।

गहलोत ने भाजपा सरकार पर पेपर लीक मामले में राजनीति करने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाए हैं। गहलोत ने एक्स पर लिखा- राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड में ओएमआर शीट बदलने के खुलासे ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एसओजी की रिपोर्ट के अनुसार 9 साल पहले यानी 2018 से पूर्व की भाजपा सरकार से शुरू हुआ यह खेल 2026 तक जारी रहा है, जो बेहद ही चिंताजनक तथ्य है।

जो कर्मचारी इस फर्जीवाड़े में लिप्त थे, वे 2024 और 2025 में भी सक्रिय और राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड में पोस्टेड थे।

गहलोत ने लिखा- ये सभी परीक्षाएं उसी सिस्टम और स्टाफ की देखरेख में हुई ,जो अब ओएमआर शीट में गड़बड़ी के लिए पकड़े गए हैं। इस कारण अब इन सभी परीक्षाओं की शुचिता संदेह के घेरे में है।

अभ्यर्थियों की तरफ से लगातार ये शिकायत की जा रही है कि बीते दो सालों से भर्ती परीक्षाओं की कट ऑफ असामान्य रूप से अधिक जा रही है जिससे उनके मन में शंकाएं उपज रही हैं जिन्हें दूर किया जाना आवश्यक है।

गहलोत ने लिखा- मैं सीएम से आग्रह करता हूं कि इस नए खुलासे के बाद अब 2024 और 2025 की सभी परीक्षाओं की भी गंभीरता और गहराई से जांच करवाई जाए। मुझे उम्मीद है कि युवाओं के भविष्य को देखते हुए सरकार तत्काल कदम उठाएगी।

कांग्रेस राज में एसओजी ने 250 से ज्यादा गिरफ्तारियां की

गहलोत ने लिखा- कांग्रेस सरकार ने पेपर लीक के नासूर को मिटाने के लिए देश में सबसे पहले कदम उठाते हुए उम्रकैद की सजा, दोषियों की संपत्ति जब्त एवं 10 करोड़ जुर्माने का कड़ा कानून बनाया।

इतिहास में पहली बार आरपीएससी (RPSC) के सदस्य को गिरफ्तार किया गया। कांग्रेस सरकार के दौरान SOG ने 250 से अधिक गिरफ्तारियां कीं और पेपर लीक माफियाओं की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त किया।

कांग्रेस राज हो या बीजेपी राज जिसने गड़बड़ी की उसे सजा दिलवाएं

गहलोत ने लिखा- कांग्रेस सरकार ने कभी भी राजनीति को न्याय के आड़े नहीं आने दिया। जहां कमी थी उसका सामना करते हुए सुधार किया। कई परीक्षाओं को रद्द तक करने की परिस्थिति बनी तो युवाओं के हित में यह निर्णय भी लिया गया।

चाहे कांग्रेस शासन हो या भाजपा शासन हो, अगर किसी ने भी बेईमानी की हो उन्हें पेपर लीक पर बने नए कड़े कानून के तहत सजा दिलाई जाए जिससे न्याय सुनिश्चित हो सके।

OMR शीट में नंबर बढ़ाने वाली गैंग का खुलासा

स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए OMR शीट में नंबर बढ़ाने वाली गैंग का खुलासा किया है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) के तकनीकी प्रमुख सहित 5 लोगों को एसओजी ने अरेस्ट किया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *