शिमला/श्रीनगर/देहरादून/नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर की भद्रवाह घाटी में लंबे इंतजार के इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। पटनीटॉप, नथाटॉप, सनासर और बटोटे में भी इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। हिमाचल में बर्फबारी से तापमान और गिर गया है। यहां कुसुमकेरी का तापमान माइनस 7°C रहा।
हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी के कारण 1291 सड़कें बंद हैं। बर्फ हटाने के लिए 385 मशीनें लगाई हैं। हिमाचल और कश्मीर में 1300 से ज्यादा सड़कों पर से बर्फ हटाने का काम लगातार जारी है।
उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट है। मौसम विभाग ने बताया कि यहां 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। तापमान में 5-6°C तक की गिरावट आने की संभावना है।
हरियाणा और पंजाब के कई शहरों में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग ने 25 जनवरी को प्रदेश के 7 जिलों में पाला पड़ने की चेतावनी दी है। वहीं, पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 0.8°C रहा।
रक्षा मंत्रालय के डिफेंस जियोमैट्रिक्स रिसर्च एस्टैबलिशमेंट (DGRE) ने उत्तराखंड में बर्फबारी के कारण पांच जिलों के लिए अगले 24 घंटे में हिमस्खलन का हाई अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में बारिश के बाद हवा में सुधार हुआ। हालांकि मौसम में बदलाव से सर्दी बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में बादल छाए रहेंगे।

जम्मू-कश्मीर में बनिहाल रूट पर बर्फ के बीच चलती वंदे भारत एक्सप्रेस।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में BRO ने राजौरी-पुंछ के बीच NH-144A को फिर से खोल दिया है।

जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में 2 दिन से लगातार बर्फबारी हो रही है।

हिमाचल प्रदेश के मनाली में बर्फबारी के कारण सड़कें बंद हैं।

उत्तराखंड के पौड़ी में लंबे इंतजार के बाद शनिवार सुबह बर्फबारी हुई।
हिमाचल प्रदेश में नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की चेतावनी
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में नए पश्चिमी विक्षोभ की चेतावनी दी। विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश में ज्यादातर जगहों पर मौसम सामान्य रहा। मंडी जिले के पंडोह में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि चंबा जिले के जोत में 7 सेमी और लाहौल और स्पीति जिले के केलांग 1 सेमी बर्फबारी हुई।
IMD ने आने वाले दिनों में कुछ जगहों पर भारी बारिश या बर्फबारी, ओलावृष्टि, घना कोहरा, बिजली गिरने के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना का भी पूर्वानुमान लगाया है।
हरियाणा में टेंपरेचर 2.6 डिग्री और पंजाब में 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा
रविवार को हरियाणा के नारनौल में टेंपरेचर 2.6 डिग्री और पंजाब के फिरोजपुर में 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक फरीदकोट, बठिंडा और गुरदासपुर में भी सर्द रात रही।
राजस्थान के नागौर में पारा माइनस 1.3 डिग्री
रविवार को राजस्थान में बर्फीली उत्तरी हवाएं चलीं, जिसमें राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान नागौर में माइनस 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। जयपुर में रविवार सुबह 5.6 डिग्री तापमान रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, 26-27 जनवरी के दौरान एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके कारण पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में कुछ जगहों पर बारिश होने की उम्मीद है।
तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट, 60kmph की रफ्तार से चलेगी हवा
IMD ने रविवार को तमिलनाडु के कई जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।चेंगलपट्टू, तिरुवन्नामलाई, सेलम, नमक्कल, कल्लाकुरिची, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, तंजावुर और रामनाथपुरम जिलों के साथ-साथ पुडुचेरी में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
तमिलनाडु तट, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से झोंके आने के साथ तूफानी मौसम रहने की संभावना है। मछुआरों को 25 जनवरी को इन इलाकों में न जाने की सलाह दी गई है।
2 दिन बाद आंशिक रुप से खुला श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे
भारी बर्फबारी के कारण दो दिन तक बंद रहने के बाद रविवार को श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे को आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया। नाशरी और नवयुग सुरंगों के बीच फंसे वाहनों को पहले हटाया जा रहा है। शुक्रवार से 270 किलोमीटर लंबे हाईवे पर सैकड़ों वाहन फंसे हुए थे, जब भारी बर्फबारी के कारण सड़क बंद करनी पड़ी थी।
अगले 2 दिन के मौसम का हाल
26 जनवरी
- तमिलनाडु के कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है।
- पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में घने कोहरे की संभावना है।
27 जनवरी
- गुजरात में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
- केरल में भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है।

