फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद में चल रहे सूरजकुंड मेले में शनिवार को एक झूला गिर गया। हादसे में एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। घायलों का निजी और बादशाह खान सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद डिप्टी कमिश्नर (DC) आयुष सिन्हा घटनास्थल पर पहुंचे और मेला ग्राउंड को खाली करा दिया गया। मृतक इंस्पेक्टर की पहचान जगदीश प्रसाद के तौर पर हुई है। वह पलवल जिले के चांदहट थाने के SHO थे।
सुनामी झूले पर 18 लोग बैठे हुए थे। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, इसमें झूला ऊपर से नीचे आते हुए गिरता हुआ दिख रहा है। इसके बाद मेले में लोग इधर-उधर भागने लगे। सूरजकुंड थाना पुलिस की टीम ने फिलहाल अज्ञात पर मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है।
पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा- “पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।” वहीं CM नायब सिंह सैनी ने भी कहा सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध करवाया जा रहा है।”
39वां इंटरनेशनल सूरजकुंड क्राफ्ट मेला 31 जनवरी को शुरू हुआ था, इसका उद्घाटन उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने किया। यह मेला 15 फरवरी तक चलेगा। इसमें भारत के 30 राज्यों के लगभग 1150 कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। साथ ही 46 देशों के कलाकार भी पहुंचे हैं।

सूरजकुंड मेले में शनिवार को एक झूला गिर गया।

मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंचे हैं, ग्राउंड को खाली करा दिया गया।

घायल पुलिस कर्मचारी को इलाज के लिए अस्पताल में लाते लोग।
- झूला गिरते ही लोग चिल्लाने लगे: सूरजकुंड मेले में दुकानदार और चश्मदीद राघव ने बताया कि वे कस्टमर अटेंड कर रहे थे। अचानक झूला गिर गया और रेलिंग में अटक गया। अटके हुए झूले पर लोग चिल्लाने लग गए। वे लोगों को बचाने के लिए झूले पर चढ़ गए और धीरे-धीरे 7 से 8 लोगों को नीचे उतार लिया। इसके बाद वे भी नीचे आ गए।
- कुछ लोग उतारे, अचानक नीचे आया: राघव ने आगे बताया कि तभी अचानक झूला और नीचे आकर गिरा। उनके ऊपर भी रेलिंग गिरी, जिससे उनके कंधे पर मामूली चोट आई। इसके बाद पुलिसकर्मी भी बचाव में लग गए। वहां खड़े एक इंस्पेक्टर भी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस की टीमें आ गईं और वहां का एरिया खाली करा लिया गया।

घटना के बारे में बताते दुकानदार राघव।
DC बोले- वेंडर की लापरवाही की जांच होगी
DC आयुष सिन्हा ने बताया कि घटना में कई लोग घायल हुए। कुछ को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि कुछ का बादशाह खान सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वेंडर की लापरवाही की जांच की जाएगी और दोषी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा। पलवल में चांदहट थाने के SHO जगदीश प्रसाद की भी झूले की चपेट में आने से मौत हो गई।
नोडल अधिकारी बोले- कमेटी झूलों की जांच करती थी
मेले के नोडल अधिकारी हरविंद्र यादव ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन की तरफ से झूलों के निरीक्षण के लिए कमेटी बनाई गई थी। रोजाना जांच की जाती थी, जिसके बाद ही झूलों को राइड के लिए शुरू किया जाता था।
शाम को गेट गिरा, एक व्यक्ति घायल

शाम को मेले के गेट नंबर-2 के पास बना डिजाइनर गेट भी गिर गया था।
शनिवार शाम को ही मेले के नंबर-2 के पास बना डिजाइनर गेट अचानक गिर पड़ा। गेट पहले से ही झुका हुआ था। इसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हो गया। हालांकि, उसे ज्यादा चोट नहीं आई। इसके बाद मेले प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर गेट का मलबा मौके से हटाया।

