Breaking
Tue. Feb 17th, 2026

भारत सुपर-8 में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज से भिड़ेगा:ऑस्ट्रेलिया बाहर हुआ, इसलिए जिम्बाब्वे से भी मुकाबला; टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल देखिए

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : टी-20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 स्टेज की 7 टीमें तय हो चुकी हैं। आखिरी टीम का फैसला बुधवार को पाकिस्तान-नामीबिया मैच से होगा। अगर पाकिस्तान जीता तो टीम सुपर-8 के ग्रुप-2 में पहुंचेगा। अगर नामीबिया जीत गया तो अमेरिका ग्रुप-2 में पहुंच जाएगा।

टीम इंडिया ग्रुप-1 में रहेगी। जहां उसका सामना साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे से होगा। ग्रुप-1 में पहले ऑस्ट्रेलिया के आने की उम्मीद थी, लेकिन टीम लीग स्टेज से ही बाहर हो गई है। उसकी जगह ग्रुप-बी में से जिम्बाब्वे ने सुपर-8 के ग्रुप-1 में क्वालीफाई किया है।

21 फरवरी से शुरू होगा सेकेंड राउंड

7 फरवरी से शुरू हुए टूर्नामेंट में 20 फरवरी तक ग्रुप स्टेज के मुकाबले खेले जाएंगे। 21 फरवरी से सुपर-8 स्टेज शुरू होगा। पहले दिन न्यूजीलैंड के सामने पाकिस्तान या अमेरिका का मुकाबला खेला जाएगा। ग्रुप-2 में न्यूजीलैंड के अलावा इंग्लैंड और श्रीलंका ने भी क्वालिफाई कर लिया है।

भारत का पहला मैच साउथ अफ्रीका से

सुपर-8 स्टेज में 22 और 26 फरवरी के साथ 1 मार्च को 2-2 मैच खेले जाएंगे। 20 से 28 फरवरी तक बाकी दिन 1-1 मैच ही होगा। टीम इंडिया 22 फरवरी को अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका से पहला मैच खेलेगी। टीम फिर 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे से भिड़ेगी। भारत का आखिरी सुपर-8 मैच 1 मार्च को कोलकाता में वेस्टइंडीज से होगा।

सुपर-8 में 12 मैच होंगे

सुपर-8 स्टेज में 4-4 टीमों के 2 ग्रुप बनेंगे। हर टीम अपने ग्रुप में एक-दूसरे के खिलाफ 3-3 मैच खेलेगी। यानी एक ग्रुप में 6 मैच होंगे। इस तरह दोनों ग्रुप मिलाकर 12 मुकाबले खेले जाएंगे। दोनों ग्रुप की 2-2 टॉप टीमें अगले राउंड में एंट्री करेंगी।

4 मार्च को पहला सेमीफाइनल होगा, वहीं 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा। इन्हें जीतने वाली टीम 8 मार्च को फाइनल में भिड़ेगी। अगर पाकिस्तान ने नॉकआउट राउंड में एंट्री की तो उसके सभी मैच कोलंबो में होंगे।

ग्रुप स्टेज में 10 टीमें बाहर

टूर्नामेंट में 20 टीमों को 5-5 के 4 ग्रुप में बांटा गया था। ग्रुप-ए से टीम इंडिया ने क्वालिफाई कर लिया, वहीं नामीबिया 3 मैच हारकर बाहर हो गई। पाकिस्तान, अमेरिका और नीदरलैंड में आखिरी टीम का फैसला होगा।

ग्रुप-बी में श्रीलंका और जिम्बाब्वे ने क्वालिफाई किया। ग्रुप-सी से इंग्लैंड और वेस्टइंडीज अगले राउंड में पहुंचीं। वहीं ग्रुप-डी से न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 में एंट्री की। ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, ओमान, स्कॉटलैंड, इटली, नेपाल, अफगानिस्तान, UAE और कनाडा ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गईं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *