लखनऊ : यूपी विधानमंडल के बजट सत्र का आज आखिरी दिन है। सीएम योगी बजट पर बोल रहे हैं। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय पर तंज कसा। कहा, आप सच्चे समाजवादी हैं। समाजवादी विचारधारा के साथ चले, वो अलग बात है कि आपके साथ शिवपाल जी जैसे लठैत ने भी चलने की कोशिश की।
आपने कुछ जनपदों की पहचान ऐसी बना दी थी कि लोग होटल में कमरा नहीं देते थे, लेकिन हम लोगों ने व्यवस्था बदली, परसेप्शन बदल गया। आज लोग कहते हैं, अच्छा आप यूपी से आए हैं।

माता प्रसाद पांडेय की बात सुनकर सीएम खिलखिलाकर हंस उठे।
योगी ने यह भी कहा,
कांग्रेस ने भारत की छवि खराब की: भारत मंडपम के AI समिट में 100 से ज्यादा देशों के लोग आए। कांग्रेस के युवा संगठन ने शर्मनाक काम किया। पूरी दुनिया में भारत की छवि को खराब करने का काम किया है। इसकी निंदा होनी चाहिए।
किसानों का कर्जा माफ किया: जब किसानों का कर्ज माफ करने के लिए सोचा तब भी पैसे की समस्या आई। लेकिन, हमने योजना बनाई और अपने बजट से 86 लाख किसानों का कर्ज माफ किया।
यूपी में डेटा सेंटर बनेगा: हमने बजट में डाटा सेंटर की स्थापना की बात कही है। सीएम युवा योजना से ब्याजमुक्त गारंटीयुक्त लोन दिया जा रहा है। प्रदेश में 1.10 लाख युवाओं को अब तक लोन दिया गया। नीति आयोग ने यूपी को सबसे अच्छा माना है।
इससे पहले माता प्रसाद पांडेय ने निजी स्कूल-कॉलेजों की फीस का मुद्दा उठाया। कहा, एक कानून लाया जाए, जिससे स्कूल-कॉलेजों की फीस तय हो सके। ऐसा नहीं हुआ तो गलगोटिया जैसी स्थिति पैदा होगी। वो तो न जाने से कहां से कुत्ता खोज लाए हैं और कहा कि हमने बनाया है। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पूरा सदन हंसने लगा।
दरअसल, AI समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने अपने स्टॉल पर चीन में बना एक रोबोट प्रदर्शित किया था और दावा किया था कि इसे उनके छात्रों ने तैयार किया है। पोल खुलने के बाद सरकार ने यूनिवर्सिटी को समिट से बाहर कर दिया था।
AI समिट में प्रदर्शन पर योगी बोले- कांग्रेस ने पूरी दुनिया में भारत को बदनाम किया
सीएम ने दिल्ली के भारत मंडपम ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर कहा, भारत की तरफ दुनिया देख रही। भारत मंडपम के AI समिट में 100 से ज्यादा देशों के लोग आए। कांग्रेस के युवा संगठन ने शर्मनाक काम किया। पूरी दुनिया में भारत की छवि को खराब करने का काम किया है। इसकी निंदा होनी चाहिए।
भारत मंडपम में मोदी इज कॉम्प्रोमाइज्ड के नारे लगाए
दिल्ली स्थित भारत मंडपम में इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को AI समिट 2026 में भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाते हुए कहा- ‘PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड’।
प्रदर्शन के कई वीडियो भी सामने आए हैं। इसमें 15-20 की संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ हाथ में सफेद रंग की टी-शर्ट लिए हुए हैं। टी-शर्ट पर PM मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की फोटो लगी है। उसपर लिखा है- PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड।
इंडियन यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रदर्शन का वीडियो शेयर किया और लिखा- AI समिट के चमकदार मंच के पीछे सच दबाया नहीं जा सकता। जब देशहित से ऊपर कॉरपोरेट हित दिखें और विदेश नीति में नरमी साफ नजर आए, तब विरोध कर्तव्य बन जाता है।
सीएम योगी ने कहा- पूर्वी यूपी में इंसेफ्लाइटिस की बीमारी बहुत थी, हमने उपचार के साथ उन्मूलन पर फोकस किया। आज देखिए, हम इसमें कामयाब हो गए।

