वाशिंगटन डीसी : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के मार-ए-लागो रिसोर्ट में रविवार को घुसने की कोशिश करने वाले एक युवक को सुरक्षाकर्मियों ने गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई है।
राष्ट्रपति की सुरक्षा करने वाली एजेंसी सीक्रेट सर्विस ने बताया कि एक शख्स गैरकानूनी तरीके से अंदर घुसने की कोशिश कर था। जब उसने सुरक्षित इलाके में घुसने की कोशिश की, तो सीक्रेट सर्विस के एजेंट ने उसे गोली मार दी। जानकारी के मुताबिक, युवक शॉटगन जैसी बंदूक और फ्यूल कैन लेकर आया था। उसकी उम्र 20 साल थी।
सीक्रेट सर्विस ने बयान में क्या कहा?
सीक्रेट सर्विस की ओर से बयान जारी किया गया है। इसमें बताया गया है कि आज करीब डेढ़ बजे (स्थानीय समयानुसार) यूएस सीक्रेकट सर्विस के एजेंटों और पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय (पीबीएसओ) के एक डिप्टी ने मार-ए-लागो के सुरक्षित क्षेत्र में गैरकानूनी प्रवेश के बाद एक व्यक्ति को गोली मार दी। इस व्यक्ति की पहचान अभी गोपनीय रखी गई है, जब तक उसके परिवार को सूचना नहीं दी जाती। उसे मृत घोषित कर दिया गया है।
मार-ए-लागो के उत्तरी गेट पर उस व्यक्ति को देखा गया, जो अपने साथ एक शॉटगन (एक तरह की बंदूक) और फ्यूल कैन (ईंधन भरने का डिब्बा) लेकर आया था। सीक्रेट सर्विस के एजेंटों और पीबीएसओ के डिप्टी ने व्यक्ति का सामना करते हुए गोली चलाई। इस घटना में कोई एजेंट या पीबीएसओ कर्मचारी घायल नहीं हुआ।
घटना के समय ऐसा कोई भी व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था, जिसे सीक्रेट सर्विस सुरक्षा प्रदान कर रही हो। एफबीआई, यूएस सीक्रेट सर्विस और पीबीएसओ इस घटना की जांच कर रहे हैं, जिसमें व्यक्ति की पृष्ठभूमि, उसकी गतिविधियां, संभावित उद्देश्य और बल के इस्तेमाल की समीक्षा शामिल है। एजेंसी की नीति के अनुसार, शामिल सीक्रेट सर्विस एजेंटों को जांच के नतीजे तक प्रशासनिक छुट्टी पर रखा जाएगा।

