ग्रेटर नोएडा : पश्चिमी देशों में युद्ध का असर अब शहर के लोगों पर भी दिखाई देने लगा है। रविवार के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन का स्टाक खत्म हो गया। पेट्रोल पंप संचालकों ने पेट्रोल खत्म होने का बोर्ड लगा दिया।
इससे वाहन चालकों में पेट्रोल के लिए आपाधापी भी देखने को मिली। हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जिले के पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टाक रहता है। शनिवार को युद्ध के कारण ईंधन की कमी की अफवाह के कारण पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगी रही।
इस कारण कुछ पेट्रोल पंपों पर रोज का स्टाक खत्म हो गया। रविवार को अवकाश के कारण टैंकर नहीं आ सके, इस वजह से एक-दो पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कमी की शिकायत मिली है, इससे युद्ध का कोई लेना देना है।
रिफाइनरी से जिले को पर्याप्त स्टाक मिल रहा है। आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं हैं। पंप संचालकों ने कंपनियों से संपर्क किया तो वहां से सोमवार तक ईंधन की गाड़ियां आने का दावा किया है इससे सोमवार को आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
दाम भी बढ़ने की रही चर्चा
पश्चिमी देशों में युद्ध के कारण कच्चे तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इस कारण पेट्रोल और डीजलों की कीमतों में वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। इसके डर के कारण शनिवार को काफी पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लाइन लगी रही।
लोगों द्वारा वाहनों का टैंक फुल करवाया जा रहा है। अपनी कार में पेट्रोल भरवाने पहुंचे विशाल ने बताया कि वह रविवार दोपहर को कच्ची सड़क स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार में पेट्रोल डलवाने पहुंचे तो वहां उन्हें पेट्रोल नहीं मिला।
पंप पर पेट्रोल खत्म होने का संकेतक बोर्ड लगा हुआ था। इस तरह की सूचनाएं मिलते ही रविवार को भी लोग अपने वाहनों में पेट्रोल डलवाने निकल गए।
लोग अफवाह से बचें। पेट्रोलियम कंपनियों के पास पर्याप्त स्टाक हैं। जिले में रोज 250 टैंकर की खपत हैं। इन टैंकरों के कुल 300 फेरे लगाए जा रहे हैं। रविवार होने के कारण टैंकर नहीं आ सके। सोमवार को टैंकर आ जाएंगे। इसके बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी।
–
स्मृति गौतम, प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी गौतमबुद्ध नगर

