Breaking
Thu. Mar 12th, 2026

गैस सिलेंडर महंगा पड़ेगा या इंडक्शन? किचन के हर इलेक्ट्रिक उपकरण का खर्च जानिए

नई दिल्ली : इन दिनों अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब दुनियाभर की तेल और गैस सप्लाई पर देखने को मिल रहा है। इसका असर भारत पर भी पड़ रहा है। दरअसल देश अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है। भारत में LPG की सालाना खपत करीब 31 मिलियन टन है और लगभग 80 फीसदी एलपीजी दूसरे देशों से ही आयात की जाती है।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के जरिए ही मध्य-पूर्व से भारत और दक्षिण एशिया के कई देशों को तेल और गैस की सप्लाई होती है। हालांकि इन दिनों अमेरिका-इसराइल के संयुक्त हमलों के बीच ईरान द्वारा इस समुद्री रस्ते को बंद किया गया है जिससे सप्लाई को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है।

ऐसे में LPG की कीमतों और उपलब्धता पर दबाव बढ़ रहा है। यही कारण है कि कई लोग अब गैस के विकल्प के तौर पर इलेक्ट्रिक कुकिंग डिवाइस का इस्तेमाल करने के बारे में सोच रहे हैं। ऐसे में अगर आप भी इंडक्शन, इलेक्ट्रिक कूकर, केटल, ओवन जैसे उपकरण इस्तेमाल करने की सोच रहे हैं तो पहले इनका पूरा खर्च समझ लीजिए…

इंडक्शन पर खाना बनाने का खर्च

सबसे पहले बात करें इंडक्शन कुकटॉप की तो ये 1800 से 2000 वॉट यानी लगभग 2 किलोवॉट बिजली खर्च करता है। ऐसे में अगर आप इसका रोज करीब 1 घंटे इस्तेमाल करते हैं तो करीब 2 यूनिट बिजली खर्च होगी। इसका मतलब है कि अगर आपके एरिया में 7 से 8 रुपये प्रति यूनिट बिजली दर है तो रोज का खर्च लगभग 14 से 16 रुपये होगा। एक महीने में करीब 420 से 480 रुपये तक की बिजली खर्च हो सकती है।

इलेक्ट्रिक कूकर का कितना आएगा खर्च?

इलेक्ट्रिक राइस कूकर की बात करें तो ये 700 से 1000 वॉट तक बिजली यूज करते हैं। ऐसे में अगर आप इसे रोज 30 से 40 मिनट इस्तेमाल करते हैं तो करीब 0.5 यूनिट बिजली खर्च होगी। इस हिसाब से रोजाना खर्च करीब 3 से 4 रुपये और महीने में लगभग 90 से 120 रुपये तक का खर्च आएगा।

इलेक्ट्रिक केटल से कितना आएगा खर्च

वहीं, अगर आप इलेक्ट्रिक केटल का इस्तेमाल करते हैं और इससे पानी उबलते हैं तो 4 से 5 मिनट में ये लगभग 0.1 यूनिट बिजली खर्च करती है। इसका मतलब है कि एक बार पानी उबालने में करीब 1 रुपये का खर्च आएगा। ऐसे में अगर आप दिन में 4 से 5 बार केटल इस्तेमाल करेंगे तो महीने में लगभग 120 से 150 रुपये तक का खर्च आएगा।

ओवन का कितना आएगा खर्च?

इंडक्शन कुकटॉप की तरह इलेक्ट्रिक ओवन भी आमतौर पर 2000 वॉट तक की बिजली यूज करते हैं। अगर इसे रोज करीब 30 मिनट इस्तेमाल किया जाए तो लगभग 1 यूनिट बिजली खर्च होती है। ऐसे में रोजाना का खर्च करीब 7 से 8 रुपये तक हो सकता है और महीने में लगभग 200 से 240 रुपये तक का खर्च आ सकता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *