Breaking
Sun. Mar 15th, 2026

नेपाल में भारतीयों को लेकर जा रही बस पलटी, 7 की मौत; कई घायल

काठमांडू : इस वक्त की बड़ी खबर नेपाल से सामने आ रही है। यहां भारतीय श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस खाई में पलट गई है। ये हादसा मध्य नेपाल इलाके में हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग घायल हैं। पुलिस ने इस हादसे के बारे में जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही थी बस

जानकारी के मुताबिक नेपाल के मध्य क्षेत्र में भारतीय तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा सात अन्य लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार को नेपाल के गंडकी प्रांत में हुई। पुलिस के अनुसार, तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस मनकामना मंदिर से लौट रही थी। इसी दौरान गोरखा जिले में बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खाई में गिर गई। गोरखा जिले के जिला यातायात पुलिस कार्यालय के प्रमुख सूरज आर्यल ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सभी मृतक भारतीय नागरिक हैं। 

सभी मृतक भारतीय नागरिक

जिला पुलिस कार्यालय प्रमुख भरत बहादुर बीके के ने बताया कि इस हादसे में मरने वालों की पहचान मुथु कुमार (58), अनामलिक (58), मीनाक्षी (59), शिवगामी (53), विजयल (57), मीना (58) और तमिलारसी (60) के रूप में की गई है। वहीं ‘काठमांडू पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, सात अन्य घायल यात्रियों को बचा लिया गया है। सभी घायल व्यक्तियों को आंबुखैरेनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। ‘हिमालयन टाइम्स’ के अनुसार, इलेक्ट्रिक बस का चालक बाल-बाल बच गया, जबकि उसका सहायक इस हादसे में घायल हो गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

सड़क दुर्घटनाओं से नेपाल में नुकसान तीन गुना बढ़ा

विश्व बैंक की एक स्टडी के मुताबिक नेपाल में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाला आर्थिक नुकसान 2007 के बाद तीन गुना बढ़ चुका है और अब यह देश के सकल राष्ट्रीय उत्पाद (GNP) का लगभग 1.5% है।

विश्व बैंक के अनुसार नेपाल में सड़क हादसों में मरने वालों में 70% से ज्यादा पैदल यात्री, साइकिल सवार और मोटरसाइकिल चालक जैसे संवेदनशील रोड यूजर होते हैं।

बस के खाई में गिरने से 19 लोगों की मौत हो गई थी

इससे पहले नेपाल के धादिंग जिले में 23 फरवरी को एक पर्यटक बस 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए थे। बस पोखरा से काठमांडू जा रही थी और उसमें 44 लोग सवार थे।

मृतकों में 24 साल का ब्रिटिश नागरिक, 40 साल की चीनी महिला और 32 साल का भारतीय पुरुष भी शामिल हैं। नेपाल में पहाड़ी इलाकों में संकरी सड़कें और खराब सड़क रखरखाव के कारण सड़क दुर्घटनाएं आम हैं।

नेपाल के धादिंग जिले में 23 फरवरी को पर्यटकों से भरी बस खाई में गिर गई थी। हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए थे।

नेपाल के धादिंग जिले में 23 फरवरी को पर्यटकों से भरी बस खाई में गिर गई थी। हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए थे।

नेपाल में हादसे ज्यादा होने के कारण

पहाड़ी भूगोल होना

नेपाल का ज्यादातर हिस्सा पहाड़ी और दुर्गम है। सड़कों के किनारे गहरी खाइयां और ढलान होती हैं। थोड़ी सी गलती या खराब मौसम में वाहन आसानी से सड़क से फिसल सकते हैं, इसलिए सड़क हादसे ज्यादा होते हैं।

खराब और संकरी सड़कें

नेपाल के कई इलाकों में सड़कें संकरी, घुमावदार और ठीक से विकसित नहीं हैं। कई जगह सुरक्षा दीवारें या रेलिंग भी नहीं होतीं। इससे बस या कार के गिरने का खतरा बढ़ जाता है।

मौसम और प्राकृतिक आपदाएं

नेपाल में मानसून के दौरान भारी बारिश होती है, जिससे भूस्खलन और बाढ़ की घटनाएं बढ़ जाती हैं। पहाड़ों में मिट्टी खिसकने से सड़कें टूट जाती हैं और वाहन हादसे का शिकार हो जाते हैं।

भूकंप और भूगर्भीय गतिविधि

नेपाल भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र में आता है। जमीन की अस्थिरता और पहाड़ी ढलान भी हादसों की संभावना बढ़ाती है।

परिवहन व्यवस्था की सीमाएं

कई बार गाड़ियां ओवरलोड होती हैं, वाहन पुराने होते हैं या ड्राइवरों को कठिन पहाड़ी रास्तों पर पर्याप्त प्रशिक्षण नहीं होता। इससे दुर्घटनाओं का जोखिम और बढ़ जाता है। सरल शब्दों में कहें तो नेपाल में पहाड़, खराब सड़कें, भारी बारिश और कमजोर बुनियादी ढांचा मिलकर हादसों की संख्या बढ़ा देते हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *