इंदौर : इंदौर के बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में बुधवार तड़के करीब 4 बजे भीषण हादसा हो गया। यहां कारोबारी मनोज पुगलिया के घर में एक इलेक्ट्रिक कार (EV) चार्जिंग में लगी थी, तभी उसमें शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। तीन मंजिला मकान आग की चपेट में आ गया। इसमें मनोज पुगलिया समेत 8 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हैं।
पुलिस के अनुसार, कार में लगी आग तेजी से घर तक फैल गई। इसने अंदर रखे गैस सिलेंडरों को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ देर बाद एक के बाद एक सिलेंडर फटने लगे, जिससे पूरा इलाका दहल गया। धमाका इतना तेज था कि मकान का एक हिस्सा ढह गया। अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
घर में कुछ ऐसे केमिकल भी थे जो ज्वलनशील थे
इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, यह घर मनोज पुगलिया का था, जो पॉलीमर का कारोबार करते थे। घर में कुछ ऐसे केमिकल भी रखे थे जो ज्वलनशील हैं।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि इलेक्ट्रिक वाहन के चार्जिंग पॉइंट में विस्फोट से आग लगी, जो कार से होते हुए घर तक फैल गई। घर में 10 से ज्यादा गैस सिलेंडर और ज्वलनशील केमिकल भी रखे थे, जिससे आग और भयावह हो गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि घर में इलेक्ट्रॉनिक लॉक लगे थे। आग के दौरान बिजली सप्लाई बंद होने से ये लॉक खुल नहीं पाए, जिससे अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया। बचाव दल को दरवाजे तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त घर में कई रिश्तेदार भी मौजूद थे।

आग पूरे घर में फैल गई और यहां रखे एलपीजी सिलेंडर में ब्लास्ट हो गए।


घर में रखे केमिकल में भी आग लगी
इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया, ‘शुरुआती जांच के अनुसार, घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्ज की जा रही थी और उसका चार्जिंग पॉइंट फट गया। इसके बाद आग गाड़ी से घर तक फैल गई। घर के अंदर 10 से ज्यादा गैस सिलेंडर रखे थे, जिनमें से कुछ फट गए। इस घटना में छह लोगों की मौत हो गई है। तीन लोगों को लिया गया है। यह घर मनोज पुगलिया का था, जो पॉलीमर का कारोबार करते थे। घर में कुछ ऐसे केमिकल भी रखे थे जो ज्वलनशील हैं।’
हादसे में इनकी मौत हुई
- विजय सेठिया (65 वर्ष)
- छोटू सेठिया (22 वर्ष)
- सुमन (60 वर्ष)
- मनोज (65 वर्ष)
- सिमरन (30 वर्ष)
- राशि सेठिया (12 वर्ष)
ये 3 लोग घायल हुए
- सौरभ पुगलिया (30 वर्ष)
- आशीष (30 वर्ष)
- हर्षित पुगलिया (25 वर्ष)
बिजली सप्लाई बंद हुई, घर में इलेक्ट्रॉनिक लॉक नहीं खुले
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, तिलक नगर थाना क्षेत्र में आज सुबह 4 बजे आग लगने की सूचना मिली। तुरंत फायर ब्रिगेड को कॉल किया गया। फायर टीम ने पहुंचकर लगातार आग बुझाने का प्रयास किया। तीन मंजिला मकान है जहां मनोज सेठिया का परिवार रहता था। प्रारंभिक कार्रवाई में तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। 6 लोगों की मौत हुई है।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, घर के बाहर चार्ज हो रहे एक इलेक्ट्रिक वाहन के चार्जिंग पॉइंट पर विस्फोट हुआ, जिससे आग लगी। आग पहले वाहन में फैली और फिर धीरे-धीरे घर के अंदर पहुंच गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि घर में इलेक्ट्रॉनिक लॉक लगे हुए थे। आग लगने के दौरान जब बिजली सप्लाई बंद हुई तो ये लॉक खुल नहीं पाए, जिससे अंदर फंसे लोगों को निकालने में कठिनाई हुई। दरवाजों को तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। संभावना है कि घर के अंदर रखे गैस सिलेंडरों में भी आग के कारण विस्फोट हुआ, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

