गोरखपुर, गोंडा, देवरिया, प्रयागराज : यूपी के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह फैली हुई है। इसके चलते दूसरे दिन यानी गुरुवार को भी देवरिया, गोंडा में पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ पड़ी।
लोग बड़े-बड़े डिब्बे लेकर पेट्रोल और डीजल भरवाने पहुंच गए। कई जगह लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों इंतजार करते रहे। बुधवार रात प्रयागराज और गोंडा के एक-एक पेट्रोल पंप पर स्थिति संभालने के लिए पुलिस पहुंची। इसके बाद लोगों को तेल दिया गया।
प्रदेश में तेल कंपनियों को कॉर्डिनेटर संजय भंडारी ने बताया-
तेल कंपनियों के पास 22 दिन का स्टॉक है। इसलिए अफवाहों पर ध्यान न दें। घबराकर ज्यादा तेल खरीदने या जमा करने की जरूरत नहीं है।
गोरखपुर में अफवाहों के चलते DM दीपक मीणा और SSP डॉ. कौस्तुभ देर रात सड़कों पर उतरे। उन्होंने पंपों पर जाकर लोगों से अपील की कि अफवाहों में न आएं। सामान्य दिनों की तरह ही लोग डीजल और पेट्रोल लें। लंबी लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं है।
गोंडा में देर रात तक पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ रही। किसान डीजल लेने के लिए लंबी लाइन में खड़े दिखे। किसानों को डर है कि अगर डीजल खत्म हो गया तो आने वाले दिनों में गेहूं की मड़ाई में दिक्कत होगी।
प्रदेश में करीब 13,168 पेट्रोल पंप चल रहे हैं। पंप मालिकों का कहना है कि अचानक 3 से 4 गुना तक भीड़ बढ़ गई है। उन्हें समझ में भी नहीं आया कि आखिर अचानक भीड़ क्यों बढ़ गई, जबकि तेल पर्याप्त है।

गोंडा में देर रात डीजल के लिए डिब्बे लेकर लोग लाइन में खड़े दिखे।

महाराजगंज में रात में पेट्रोल पंप पर भीड़ इतनी उमड़ी कि घंटों का इंतजार लोगों को करना पड़ा।

देवरिया में एक पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ उमड़ी पड़ी। एक युवक नीला ड्रम लेकर तेल भरवाने पहुंचा।
गोंडा में डीएम आवास के सामने पेट्रोल पंप बंद
गोंडा में डीएम आवास के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया है। पंप मैनेजर सुधीर कुमार सोनी के अनुसार, स्टॉक में करीब 12,895 लीटर पेट्रोल था, लेकिन अफवाहों के कारण अचानक बिक्री बढ़ गई और स्टॉक तेजी से समाप्त हो गया।
पेट्रोल खत्म होने के बाद पंप पर ‘पेट्रोल खत्म’ का नोटिस चस्पा कर दिया गया है, जिससे दूर-दराज से आने वाले ग्राहक बिना ईंधन लिए लौटने को मजबूर हैं।
देवरिया के सलेमपुर में पंप पर भीड़, तहसीलदार बोलीं-गैलन में तेल न दें
देवरिया के सलेमपुर कस्बे में एक पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ लगने की सूचना मिलने पर तहसीलदार अलका सिंह मौके पर पहुंचीं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उन्होंने पेट्रोल पंप संचालक को निर्देश दिया कि कैन/गैलन में डीजल और पेट्रोल की बिक्री न की जाए, ताकि अनावश्यक भंडारण और अफरा-तफरी रोकी जा सके।
प्रयागराज के सराय इनायत में एक पंप पर लगी भीड़
प्रयागराज के सराय इनायत में एक पेट्रोल पंप पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी। वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और ग्राहकों को तेल दिया गया।
गोंडा के अपर जिलाधिकारी बोले- जमाखोरी करने वालों पर कार्रवाई होगी
गोंडा के अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा- सभी पेट्रोलियम अधिकारियों, पेट्रोल पंप संचालकों और पेट्रोलियम संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई है। पूरे जिले में कहीं भी पेट्रोल और डीजल की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।
कुछ लोग जानबूझकर अफवाह फैला रहे हैं, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जमाखोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बहराइच में कई पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ी
बहराइच में बुधवार देर रात नगर के कई पेट्रोल पंपों पर तेल की कमी की अफवाहों के चलते भारी भीड़ जुट गई। लोग अपने वाहन लेकर पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचे, जिससे कई जगहों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची और अपनी निगरानी में तेल का वितरण कराया।
गोंडा में डीजल के लिए लोग लाइन लगा कर खड़े रहे
गोंडा में डीजल और पेट्रोल की अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर देर रात तक भारी भीड़ देखने को मिली। लोग गाड़ियां और डिब्बे लेकर लाइन में लगे रहे। गुरुनानक चौकी के पास भारत पेट्रोलियम पंप पर लोगों के बीच बहस हो गई। इस पर सीओ सिटी आनंद राय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने माइक लेकर लोगों को समझाया। कहा- शहर में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है।
जिला पूर्ति अधिकारी कुंवर दिनेश प्रताप सिंह और नवाबगंज थाना अध्यक्ष अभय सिंह भी विभिन्न पेट्रोल पंपों पर जाकर भीड़ को नियंत्रित करते नजर आए। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति से पेट्रोल-डीजल लेने की अपील की।
गोरखपुर DM की अपील- पर्याप्त तेल है, पैनिक न हों
गोरखपुर में बुधवार रात DM दीपक मीणा खुद पेट्रोल पंपों पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्याप्त तेल है, पैनिक न हों। सामान्य दिनों की तरह ही डीजल-पेट्रोल लें। लंबी लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं है।
रोज दो दिन का मिल रहा तेल
तेल कंपनियों की ओर से पेट्रोल पंप संचालकों को दो दिन की बिक्री के बराबर स्टॉक दिया जा रहा है।
पेट्रोल पंप मालिकों का कहना है कि तेल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है।

