दैनिक उजाला, बिज़नेस डेस्क : केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपए की कटौती की है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक पेट्रोल पर ड्यूटी को 13 रुपए प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपए कर दिया गया है। वहीं, डीजल पर यह ड्यूटी पूरी तरह खत्म यानी जीरो कर दी गई है। पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ने से रोकने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है।
इजराइल-ईरान जंग के कारण क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं। इससे तेल कंपनियों को घाटा हो रहा है। इस घाटे को कम करने के लिए कंपनियों को पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ानी पड़ती जिससे आम आदमी पर बोझ बढ़ता। ऐसे में सरकार ने एक्साइज ड्यूटी घटाकर पेट्रोल-डीजल के दामों को स्थिर रखा है।
यह एक तरह का इनडायरेक्ट टैक्स है जो सामान के प्रोडक्शन या मैन्युफैक्चरिंग पर लगाया जाता है। ये टैक्स केंद्र सरकार लेती है। इससे सामान का दाम बढ़ जाता है। भारत में पेट्रोल-डीजल पर केंद्र सरकार एक्साइज ड्यूटी और राज्य सरकारें VAT लगाती हैं। लेकिन अब सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर दी है।
कच्चा तेल महंगा होने से कंपनियों को घाटा हो रहा था
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के मुताबिक, पिछले एक महीने में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। क्रूड ऑयल 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। इस वजह से दुनिया भर में ईंधन की कीमतों में 30% से 50% तक की बढ़ोतरी हुई है। भारत में तेल कंपनियां फिलहाल पेट्रोल पर 24 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 30 रुपए प्रति लीटर का घाटा सह रही हैं। सरकार का कहना है कि टैक्स घटाने का फैसला कंपनियों के इसी दबाव को कम करने के लिए लिया गया है।
जियोपॉलिटिकल टेंशन और सप्लाई में अनिश्चितता की वजह से कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। जब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल सस्ता नहीं होता, तब तक भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बड़ी गिरावट की गुंजाइश कम है। एक्साइज ड्यूटी में कटौती फिलहाल केवल एक ‘कुशन’ (सहारा) की तरह काम करेगी, ताकि भविष्य में अगर कच्चा तेल और महंगा होता है, तो कंपनियों को कीमतें और ज्यादा न बढ़ानी पड़ें।
नायरा ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 महंगा किया
इससे पहले कल नायरा एनर्जी ने पेट्रोल ₹5 प्रति लीटर और डीजल ₹3 महंगा कर दिया था। अब भोपाल में इस कंपनी का पेट्रोल 111.72 रुपए और डीजल 94.88 रुपए पर पहुंच गया है। नायरा एनर्जी की ओर से की गई यह बढ़ोतरी अलग-अलग राज्यों में वहां के लोकल टैक्स और वैट के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है।

