वाराणसी : पति की मौत के तीन महीने भी नहीं बीते और पत्नी मिथिलेश देवी अब अफसरों के यहां चक्कर लगा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि पति की मौत के बाद एक दूसरी महिला खुद को पत्नी साबित करने में लगी हुई है।
तभी तो अपने परिवार वालाें के साथ BSA आफिस पहुंचीं मिथिलेश देवी हाथ जोड़कर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव के समने खड़ी हो गई। हाथ में पूरी फाइल थी जिसमें पति से संबंधित पूरी डिटेल सहेज कर रखी है और फोटो के साथ सभी कागजों में खुद और अपने बच्चों का नाम दिखाने लगती हैं।
मिथिलेश देवी ने कहा, मैं अपने पति (रामवृक्ष) की असली पत्नी हूं, लेकिन पति की माैत के बाद एक दूसरी महिला खुद को भी पत्नी बता रही है। पत्नी मिथिलेश ने बीएसए के हाथों में एप्लीकेशन देते हुए हुए न्याय की गुहार लगाई।
पूरे रिकार्ड में है मिथिलेश देव का नाम
रामवृक्ष वाराणसी चोलापुर के पलकहा प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्याक पद पर कार्यरत थे। बीते साल 11 दिसंबर को उनकी मौत असामायिक मृत्यु हो गई थी। पत्नी मिथिलेश बताती हैं कि उनके पति की मौत के बाद से ही एक ही महिला खुद को उनकी पत्नी होने का दावा कर रही है जो पूरी तरह से गलत है। वह दूसरी महिला गाजीपुर सैदपुर की रहने वाली है और वह शादीशुदा है। वह विभाग को भी गुमराह कर रही है।

बीएसए ने कहा, गलत व्यक्ति को नहीं मिलेगा लाभ
महिला की शिकायत को संज्ञान लेते हुए बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने कहा, कोई भी व्यक्ति गलत तरीके से कागजात लगाकर विभाग से कोई भी लाभ नहीं कर सकता है। इस संबंध में महिला का एप्लीकेशन संबंधित पत्रावली में संलग्न करा दिया है ताकि किसी भी तरह का फ्राड न हाेने पाए।

