मथुरा : मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पुराने गोकुल रेस्टोरेंट के समीप फ्लाईओवर पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रॉला अनियंत्रित होकर डिवाइडर की रेलिंग में जा फंसा और बीच में लटक गया। हादसे का दृश्य बेहद खौफनाक था, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉला नए ट्रैक्टरों को लेकर जा रहा था। फ्लाईओवर पर चढ़ते समय चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते वाहन रेलिंग को तोड़ते हुए बीच में फंस गया। ट्रॉला का अगला हिस्सा हवा में लटक गया, जिससे बड़ा हादसा होते-होते बच गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और राहत कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसी प्रकार की बड़ी जनहानि नहीं हुई, हालांकि चालक को हल्की चोटें आई हैं।
हादसे के चलते कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारू कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना आम बात हो गई है, जिससे ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस स्थान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और सख्त निगरानी की मांग की है।

