लखनऊ : लखनऊ में बुधवार शाम साढ़े 5 बजे भीषण आग लग गई। विकासनगर इलाके में लगी इस आग से 30 से ज्यादा सिलेंडर फट गए। 50 से ज्यादा झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। करीब 10 किलोमीटर दूर तक आग की लपटें देखी गईं। आग लगने के बाद आसपास के करीब 20 मकानों को खाली करा लिया गया।
अभी भी फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हैं। इलाके की लाइट काट दी गई है। एक युवक का कहना है कि उसके 4 बच्चों की जलकर मौत हो गई है। वहीं, बाकी लोगों का सारा सामान जलकर राख हो गया। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल है। जिनकी झोपड़ियां जली हैं, वो लोग रो रहे हैं। कुछ लोगों का आरोप है कि जानबूझकर आग लगाई गई है।
सीएम योगी ने आग की घटना का संज्ञान लेते हुए अफसरों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। कहा कि राहत कार्य में तेजी लाई जाए। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से तेजी से बचाव कार्य करने के आदेश दिए।

आग से झोपड़ी जलने के बाद एक महिला बेहोश हो गई। उसे आसपास के लोग अस्पताल ले गए।

आग लगने से नाराज लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस उन्हें काबू करने की कोशिश कर रही है।
कई गाय झुलसीं, 2 का इलाज किया जा रहा
आग लगने की घटना में कई गायें भी जल गई हैं। मौके पर पशु कल्याण अधिकारी अभिनव वर्मा भी पहुंचे हैं। उनका कहना है कि हादसे में घायल बेसहारा जानवरों को नगर निगम की गोशाला में भेजा जा रहा है। दो गायों का इलाज किया जा रहा है। 6 को रेस्क्यू किया गया है।
रक्षामंत्री ने की डीएम से बात

विकासनगर झुग्गी-झोपड़ी में लगी भीषण आग की घटना पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जिलाधिकारी से बात की। उन्हें राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि विकासनगर स्थित आग की घटना पर रक्षामंत्री ने गंभीर चिंता व्यक्त की।
रक्षामंत्री ने कहा कि प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। घायलों का सही उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल मदद की जाए।
ब्रजेश पाठक बोले- सरकार पीड़ित परिवारों के साथ

विकास नगर इलाके में लगी आग का संज्ञान लेते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी। पीड़ित परिवारों के साथ सरकार खड़ी है। डिप्टी सीएम ने मौके पर ही स्वास्थ्य विभाग की टीमों को बुलाया एवं घटना में घायल हुए लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ने घटनास्थल पर ही जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, एनडीआरफ एवं अन्य अधिकारियों के साथ इस घटना में बचाव कार्यों को लेकर बात की।

