पानीपत : हरियाणा के पानीपत में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक पिता अपनी ही बेटी के साथ एक साल तक रेप करता रहा। परेशान होकर मां-बेटियां नाना के घर रहने लगी। आरोपी वहां भी आ गया।
युवती का आरोप है कि पिता उसे कहा था कि वह उसे अपनी लुगाई (पत्नी) बनाएगा। साथ ही किसी को बताने पर जिंदा जलाने की धमकी देता। पहले तो युवती पिता की प्रताड़नाएं सहती रही।
आखिर में परेशान होकर उसने अपनी मां को सभी बातें बताईं। इसके बाद मामले की शिकायत इसराना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
शराब पीकर मां को गालियां देता
रोहतक जिले के एक गांव की रहने वाली पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि पिता के अत्याचारों की कहानी बहुत पुरानी है। पिता शुरू से ही शराब पीने का आदी है। वह घर पर कभी पिता जैसा व्यवहार नहीं करता। वह अपनी तीनों बेटियों को पराया समझता था और उनके सामने ही अपनी मां को गंदी-गंदी गालियां देता था।
तंग होकर मां नाना के घर ले आई
युवती ने बताया कि पिता की हरकतों और मारपीट से तंग आकर करीब 8 साल पहले मां अपनी तीनों बेटियों को लेकर पानीपत के इसराना थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित अपने मायके (नाना के घर) आकर रहने लगी। मां मेहनत-मजदूरी करके अपनी बेटियों का पालन-पोषण कर रही थी और उन्हें पढ़ा-लिखा रही थी। उसने इसी साल 12वीं कक्षा पास की है।
पिता ने नशे में रेप किया
युवती ने बताया कि उसका पिता यहां भी पहुंच गया और उनके साथ रहने लगा, वहां भी उसका व्यवहार नहीं बदला। वह नशे में धुत होकर आता और मां व बेटियों को बेरहमी से पीटता था। करीब एक साल पहले पिता की नजर खराब हो गई। वह घर में उसे अकेला देखकर अश्लील हरकतें करने लगा। पिता अपनी पेंट उतारकर उसे पास बुलाता था और मना करने पर उसे बुरी तरह पीटता और रेप करता।
बेटी से बोला- लुगाई बनाकर रखूंगा
युवती के मुताबिक, जब उसने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को इस बारे में बताना चाहा, तो पिता ने मां-बेटी दोनों को बहुत पीटा। साथ ही धमकी दी कि वह उसे अपनी लुगाई (पत्नी) बनाकर रखेगा। डर और लोक-लाज के कारण मां-बेटी लंबे समय तक इस जुल्म को सहती रहीं।
किसी को बताने पर जिंदा जलाने की धमकी
शिकायत के अनुसार, एक महीना पहले जब युवती की मां काम पर गई थी और उसकी दोनों छोटी बहनें स्कूल गई थीं, तब पिता शराब के नशे में घर पहुंचा। उसने घर में बेटी को अकेला पाकर उसके साथ फिर से रेप किया। जाते-जाते उसने धमकी दी कि अगर बाहर किसी को बताया, तो तुझे जिंदा जला दूंगा।

इसराना थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
CM विंडो से लेकर DGP तक शिकायत
तंग आकर युवती ने अपनी मां को सभी बातें बताईं। इसके बाद युवती ने CM विंडो, हरियाणा डीजीपी, करनाल रेंज IG और पानीपत SP को लेटर लिखकर इंसाफ की गुहार लगाई है। युवती ने कहा कि मां और उन्हें अपने पिता से जान का खतरा है। इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इसके बाद इसराना पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

