भोपाल/लखनऊ/जयपुर/शिमला : देश के कई हिस्सों में लू का असर तेज होता जा रहा है। तीन चौथाई हिस्सा हीटवेव की चपेट में हैं। उत्तर-पश्चिम, उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के 5 राज्यों के 14 शहरों में पारा 44°C के पार जा चुका है।
इनमें वाराणसी, बांदा, रोहतक, झारसुगुड़ा, टिटलागढ़, अकोला, अमरावती, वर्धा, चंद्रपुर, यवतमाल, बाड़मेर, हमीरपुर, आगरा और राजनांदगांव शामिल हैं।
इधर, दिल्ली में शनिवार दोपहर को पारा 43°C तक पहुंच गया। जिसके चलते राममनोहर लोहिया हॉस्पिटल में ‘हीटस्ट्रोक यूनिट’ बनाई गई है। इसमें कूलिंग टब, 200kg बर्फ बनाने की मशीनें और पोर्टेबल आइस पैक भी रखे गए हैं।
उत्तर प्रदेश के 60 जिलों में लू का रेड अलर्ट है। ओडिशा के झारसुगुड़ा में लगातार दूसरे दिन तापमान 44.8°C रहा। मध्य प्रदेश के 11 जिलों में लू का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश के 3 जिलों में हीटवेव चल रही है।
इससे पहले शुक्रवार को देश का सबसे गर्म शहर उत्तर प्रदेश का प्रयागराज रहा। यहां तापमान 45.2°C दर्ज किया गया। वहीं महाराष्ट्र के अकोला में पारा 45°C, अमरावती में 44.8°C रहा।
तेज गर्मी के कारण राज्य सरकारों के फैसले
- उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में दोपहर 12 से 4 बजे मजदूरों के काम पर रोक लगा दी गई है।
- ओडिशा में 18 शहरों में पारा 40°C पार कर गया है। सरकार सोमवार से राज्य के सभी स्कूल बंद करने की घोषणा की है।
- केरल में सीएम ने लोगों से दिन में 11 से 3 बजे के बीच बाहर न निकलने की सलाह दी है। उन्होंने सेल्फ लॉकडाउन को अपनाने के लिए कहा है।
- कर्नाटक सरकार ने सभी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक यूनिट बनाने का आदेश दिया है। ये सभी यूनिट 31 जुलाई तक चालू रखी जाएंगी।
- मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।
अगले 2 दिन के मौसम का हाल
26 अप्रैल:
- छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना है।
- आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात, ओडिशा और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।
27 अप्रैल:
- बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में हीटवेव चलेगी। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्म रातें रहने की भी आशंका है।
- आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, गुजरात, गोवा, ओडिशा और तमिलनाडु में बहुत ज्यादा गर्म और उमस भरा मौसम हो सकता है।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शुक्रवार को लू के प्रकोप के बीच राहत देने के लिए नगर निगम का एक टैंकर सड़क पर पानी का छिड़काव करता दिखाई दिया।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पारा 44.3°C पहुंच गया है। भीषण लू से राहत दिलाने के लिए सिगनल पर रुकने वाले यात्रियों के लिए ग्रीन नेट लगाई गई है।

आगरा में किले के पास गर्मी से राहत दिलाने के लिए नगर निगम का टैंकर पानी का छिड़काव कर रहा है। इस बीच एक व्यक्ति फुहारों से खुद को भिगोता दिखाई दिया।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जंक्शन पर शुक्रवार को भीषण गर्मी के बीच एक रेलवे कर्मचारी प्लेटफॉर्म पर पानी छिड़क रहा है। यहां पारा 45°C पार हो गया है।

नई दिल्ली में शुक्रवार को कर्तव्य पथ पर पानी होने का भ्रम रहा। इसे मिराज या मृग मरीचिका कहते हैं। तपती दोपहर में हवा का घनापन कम हो जाता है तब ऐसा होता है।

झारखंड के रांची में लोग ठंडे पानी के लिए मिट्टी के घड़े खरीदने पहुंचे। यहां आज दिन का तापमान 37°C रिकॉर्ड किया गया।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में अस्सी घाट पर एक महिला अपने बच्चे को गोद में लिए छाते से खुद को ढक रही है। यहां लगातार पारा 43°C से ऊपर चल रहा है।

गुजरात के सूरत में सरथाना नेचर पार्क में अपने बाड़े में व्हाइट टाइगर पानी में बैठा हुआ। सूरत में पारा 35°C से ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर के 7 राज्यों में बदलेगा मौसम
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मौसम तेजी से बदलने वाला है। 25 और 26 अप्रैल को सब-हिमालय पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। 26 से 28 अप्रैल के बीच गंगा से सटे पश्चिम बंगाल और झारखंड में आंधी-तूफान का असर दिखेगा।
अगले 3-4 दिनों के दौरान गुवाहाटी में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 26 और 27 अप्रैल को बिहार में भी तेज आंधी और बारिश की संभावना है। खास तौर पर 26 अप्रैल को झारखंड के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने का अलर्ट जारी किया गया है।
नया अनुमान… मई में ही अल नीनो आने की आशंका
वर्ल्ड वेदर ऑर्गनाइजेशन ने अपने पूर्वानुमान में संशोधन कर कहा है कि अल नीनो कंडीशन मई से ही डेवलप होने की आशंका है। इसका मानसून पर नकारात्मक असर होगा। इससे पहले भारतीय मौसम विभाग ने कहा था कि इस वर्ष बारिश सामान्य से कम हो सकती है।

