वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी में महिला जन आक्रोश रैली में पहुंच गए हैं। वे खुली जीप में थे। हाथ हिलाकर अभिवादन करते हुए मंच तक गए। पीएम के साथ यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी जीप पर सवार थे।
BLW ग्राउंड में 25 हजार से ज्यादा महिलाएं मौजूद हैं, जिनमें से राजनीति, स्वयं सहायता समूह, चिकित्सा आदि वर्गों की 44 महिलाएं मंच पर बैठाई गई हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री 6,332 करोड़ रुपए की 163 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें सिग्नेचर ब्रिज और कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी दो दिन के दौरे पर काशी पहुंचे हैं। मंगलवार दोपहर 1:40 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से हेलिकॉप्टर से बरेका गेस्ट हाउस आए। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और सीएम योगी ने उनका स्वागत किया।
प्रधानमंत्री का 11 साल में यह 54वां काशी दौरा है। हालांकि, यह 2026 का पहला दौरा है। इससे पहले पीएम नवंबर, 2025 में काशी आए थे।
मोदी बुधवार को काशी से हरदोई जाएंगे। वहां गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। 594 किलोमीटर का यह एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा।

पीएम मोदी महिलाओं के बीच खुली जीप में सवार होकर पहुंचे।

महिलाओं ने पीएम मोदी की फोटो खींची।

बरेका गेस्ट हाउस में पीएम मोदी का राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और सीएम योगी ने स्वागत किया।

वाराणसी एयरपोर्ट पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का सीएम योगी ने बुके देकर स्वागत किया।

वाराणसी के चौसठी घाट पर PM के आने से पहले बंगाली महिलाओं ने शंखनाद करके जयकारे लगाए।
सीएम योगी ने पीएम को बताया नए भारत का निर्माता
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नारी वंदन सम्मेलन में “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आई महिलाओं का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए उन्हें “नए भारत का निर्माता” बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन और नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज देश एक नए युग की ओर बढ़ रहा है और हम सभी नए भारत का साक्षात दर्शन कर रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने मंच पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की और कहा कि यह सम्मेलन महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आधी आबादी की ओर से वह प्रधानमंत्री का स्वागत करते हैं और उनके नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नया भारत केवल भौतिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समग्र विकास की अवधारणा को भी आत्मसात कर रहा है। समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना अब साकार होती दिखाई दे रही है और देश तेज गति से उस दिशा में अग्रसर है। सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं ने भी इस दौरान उत्साह के साथ भागीदारी की।
पूनम मौर्या ने कही ये बात
महिला शक्ति सम्मेलन में पूनम मौर्या ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कार्यक्रम की शुरुआत “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ की। अपने संबोधन में उन्होंने मंच पर उपस्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया और आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला। सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबिन, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति को उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। पूनम मौर्या ने अपने भाषण में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं के जीवन के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने महिलाओं की रसोई से लेकर उनके आत्मसम्मान तक की चिंता की है और उन्हें सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य किया है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से मजबूती मिली है। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और भी बढ़ गया। आज काशी की बहनें आर्थिक स्वतंत्रता और आत्म सम्मान महसूस कर रही हैं।
मंच पर पीएम मोदी का स्वागत
बरेका के मंच पर नए संसद भवन का चित्र देकर पीएम मोदी का स्वागत किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय पक्षी मोर की प्रतिमा भी दी गई। पीएम के मंच पर पहुंचते ही हर-हर महादेव की जयकार गूंज उठी।

पीएम के स्वागत में बनाई रंगोली
पीएम मोदी के स्वागत में बरेका जनसभा स्थल पर बीएचयू के विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोली बनाया है। जिसे देख कर हर कोई आकर्षित हो रहा है।


