हरदोई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरदोई से यूपी के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने ऐलान किया कि एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार से भी जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि महिला विरोधी सपा कभी सुधरने वाली नहीं है, इसलिए इनसे सावधान रहिए।
इससे पहले, पीएम ने एक्सप्रेस-वे के किनारे पेड़ लगाया। सीएम योगी के साथ एक्सप्रेस-वे पर पैदल भी चले। 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा। इससे मेरठ से प्रयागराज की दूरी सिर्फ 6 घंटे में पूरी होगी। अब तक 11-12 घंटे लगते थे। 12 जिलों से होकर गुजरने वाला यह एक्सप्रेस-वे कई मायनों में खास है। यहां पब्लिक कन्वीनियंस सेंटर बनाए गए हैं, जिनमें ठहरने की सुविधा, इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर और फूड कोर्ट शामिल हैं।
सड़क पर रंबल स्ट्रिप (उभरी हुई पट्टियां) बनाई गई हैं। इन पर वाहन के टायर आते ही ड्राइवर को वाइब्रेशन महसूस होता है, जिससे हादसों की आशंका कम होगी। एक्सप्रेस-वे पर एयरफोर्स के फाइटर जेट्स की लैंडिंग के लिए शाहजहांपुर के जलालाबाद के पास 3.5 किमी लंबी एयरस्ट्रिप बनाई गई है। यह देश की पहली नाइट लैंडिंग एयरस्ट्रिप है।
हर 75 किमी पर पेट्रोल पंप बनाए गए हैं, जिन्हें भारत पेट्रोलियम खुद संचालित कर रहा है। गंगा एक्सप्रेस-वे से पहले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे यूपी का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे था, जिसकी लंबाई 340 किमी है। यह प्रदेश का छठा एक्सप्रेस-वे है।
एक्सप्रेस-वे 5 साल में बनकर तैयार हुआ है। इसे बनाने में करीब 37,350 करोड़ रुपए की लागत आई है। इस हिसाब से 1 किलोमीटर एक्सप्रेस-वे की लागत करीब 62 करोड़ 87 लाख रुपए पड़ती है। 18 दिसंबर, 2021 को मोदी ने शाहजहांपुर में एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया था।

मोदी ने गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे पेड़ लगाया।

पीएम मोदी, सीएम योगी के साथ एक्सप्रेस-वे पर पैदल भी चले।

मंच पर पीएम ने हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं को अभिवादन किया।

पीएम मोदी ने एक्सप्रेस-वे की डिजाइन को देखा। उन्होंने अफसरों से डिलेट में जानकारी ली।

पीएम मोदी के कार्यक्रम में करीब 2 लाख भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे हैं। कार्यकर्ता ने हाथ उठाकर जय श्रीराम के जयकारे लगाए।
मोदी बोले- यूपी का विकास भारत की सामरिक ताकत बन रहा
पीएम मोदी ने कहा- अब उन कठिनाइयों का समाधान होगा। बड़े बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित होगी। जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास होगा। यह एनसीआर की असीम संभावनाओं को भी करीब लाएगा। इसके किनारे औद्योगिक अवसर मिलेंगे। सभी 12 जिलों में नए उद्योग आएंगे और फार्मा के क्लस्टर विकसित होंगे।
युवा नए कीर्तिमान गढ़ रहे हैं। छोटे उद्योगों को बढ़ावा मिल रहा है। पुरानी सरकारों में क्या हरदोई–उन्नाव जिलों में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाने की कल्पना हो सकती थी? क्या कोई सोच सकता था कि हरदोई से भी एक्सप्रेस-वे गुजरेगा? यह सब भाजपा सरकार में ही संभव हुआ है। यूपी को पहले पिछड़ा और बीमारू कहा जाता था, वही यूपी आज एक ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनने की ओर बढ़ रहा है। यह बड़ा लक्ष्य है और उतनी ही बड़ी तैयारी भी है।
यूपी के पास असीम क्षमता है। युवा आबादी है। इस ताकत का इस्तेमाल यूपी को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए किया जा रहा है। कारखाने लगेंगे, निवेश आएगा तो आर्थिक प्रगति के दरवाजे खुलेंगे। इसी विजन को केंद्र में रखकर काम किया गया है। यूपी की पहचान पहले पलायन से होती थी, आज कॉरिडोर और इन्वेस्टर समिट के लिए जानी जाती है।
हजारों करोड़ का निवेश हो रहा है। मोबाइल निर्माण में यूपी का बड़ा योगदान है। नोएडा में सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन किया गया है। यूपी इसमें भी लीड लेने के लिए आगे बढ़ रहा है। यूपी का विकास भारत की सामरिक ताकत बन रहा है। देश के दो डिफेंस कॉरिडोर में से एक यूपी में है।
ब्रह्मोस जैसी मिसाइलें यूपी में बन रही हैं। रक्षा उपकरणों के निर्माण में यूपी अहम भूमिका निभा रहा है। यूपी ने पुरानी सियासत को बदला है और नई पहचान बनाई है। एक समय यूपी की पहचान गड्ढों से होती थी। एक जिले से दूसरे जिले में जाना मुश्किल होता था। आज एक्सप्रेस-वे का जाल बिछ चुका है।
मोदी बोले- यह सिर्फ हाई-स्पीड सड़क नहीं है, बल्कि नए सपनों का गेटवे
- पीएम ने कहा- कुछ ही दिन पहले मुझे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने का अवसर मिला था। यह विकसित भारत की हस्तरेखाएं हैं। ये आधुनिक हस्तरेखाएं हैं। वह दौर चला गया, जब एक सड़क के लिए दशकों तक इंतजार करना पड़ता था। एक बार घोषणा हो जाने के बाद सालों तक फाइलें चलती थीं। चुनाव के लिए पत्थर लगा दिया जाता था, लेकिन काम का कोई पता नहीं चलता था। फाइलें ढूंढने में अफसरों को दो-दो साल तक का समय लग जाता था।
- उन्होंने कहा- डबल इंजन सरकार में शिलान्यास भी होता है और उद्घाटन भी होता है। यह सिर्फ हाई-स्पीड सड़क नहीं है, बल्कि नए सपनों का गेटवे है। पश्चिमी यूपी में हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर, अमरोहा, बदायूं और मध्य यूपी में शाहजहांपुर, रायबरेली से होकर यह एक्सप्रेस-वे गुजरेगा। इसके आसपास के दूसरे जिलों के करोड़ों लोगों का जीवन बदलेगा।
- पीएम ने कहा- इन क्षेत्रों को गंगा जी की उपजाऊ मिट्टी का वरदान मिला है। पिछली सरकारों ने किसानों की उपेक्षा की। यहां के किसानों की सड़कें बड़े बाजारों तक नहीं पहुंच पाती थीं। कोल्ड स्टोरेज की कमी थी, लॉजिस्टिक्स का अभाव था। किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य नहीं मिलता था।
मोदी बोले- सपा विकास और नारी विरोधी, कभी सुधर नहीं सकती
पीएम ने कहा- यूपी भगवान राम और कृष्ण की धरती है। लेकिन पिछली सरकारों ने अपनी करतूतों के कारण अपराध और जंगलराज को यूपी की पहचान बना दिया। यूपी के माफियाओं पर फिल्में बनती थीं। आज यूपी की कानून व्यवस्था का देशभर में उदाहरण दिया जाता है। संसाधनों का बंदरबांट करने वाले जिन सपाइयों के हाथ से सत्ता गई है, उन्हें यूपी की यह प्रगति पसंद नहीं आ रही है। वे यूपी को पुराने दौर में धकेलना चाहते हैं।
वे समाज को बांटना और तोड़ना चाहते हैं। सपा विकास और नारी विरोधी है। एक बार फिर सपा और कांग्रेस का असली चेहरा देश ने देखा है। केंद्र सरकार नारी वंदन विधेयक लेकर आई। अगर यह पास हो जाता, तो लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को आरक्षण मिलता, लेकिन सपा ने संशोधन विधेयक के खिलाफ वोट किया। इस विधेयक से सभी राज्यों की सीटें भी बढ़तीं।
यूपी को गाली देकर राजनीति करने वाली डीएमके जैसी पार्टियों को इस बात पर आपत्ति थी कि यूपी की सीटें क्यों बढ़ें। सपा संसद में उन्हीं के सुर में सुर मिला रही थी। ये सपा वाले आपके वोट लेकर संसद जाते हैं और संसद में यूपी के लोगों को गाली देने वालों के साथ खड़े हो जाते हैं। ये कभी सुधर नहीं सकते।
ये हमेशा महिला विरोधी राजनीति ही करेंगे। तुष्टिकरण और अपराधियों के साथ खड़े रहेंगे। सपा कभी परिवावाद जातिवाद से ऊपर नहीं उठ सकती। ये विकास विरोधी राजनीति करेंगे। सपा और इनके सहयोगियों से सावधान रहना है।

