महवा : दौसा में महवा के समलेटी गांव में 14 साल के बच्चे की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बच्चा शुक्रवार सुबह 8.30 बजे बिस्तर से पानी पीने उठा था, तभी अचानक वह गिर पड़ा।
परिजन उसे महवा जिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार्तिक बैरवा (14) पुत्र अशोक बैरवा की बड़ी बहन की एक मई को ही शादी हुई थी।

बच्चे की मौत की जानकारी मिलते ही घर पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल था।
डॉक्टर बोली- इसे सडन कार्डियक डेथ कहते हैं
डॉक्टर माधुरी शर्मा ने बताया- आज सुबह 14 साल के बच्चे को महवा अस्पताल लाया गया था। जिसकी मौत संभवत: हार्ट अटैक से हुई है। पोस्टमॉर्टम में मौत के सही कारणों का पता चल सकता था, लेकिन परिजन बिना पोस्टमॉर्टम करवाए ही शव ले गए। इसे सडन कार्डियक डेथ कहते हैं, जिसमें मरीज की मौके पर ही मौत हो जाती है।
दोपहर में बहन के ससुराल जाने वाला था
समलेटी पंचायत के पूर्व सरपंच रविन्द्र बैरवा ने बताया- कार्तिक के दो बहनें हैं। बड़ी बहन जिया की शादी 1 मई को करौली जिले में टोडाभीम के रामपुर गांव में हुई थी। कार्तिक आज दोपहर बाद पहली बार बहन को ससुराल से लेने जाने वाला था।
कार्तिक के पिता अशोक बैरवा कैंसर के मरीज हैं। वे गांव में ही मजदूरी करते हैं। मां रजनी बैरवा गृहिणी हैं। कार्तिक गांव के समलेटी स्कूल में पढ़ता था। इसी स्कूल में उसकी छोटी बहन राधिका भी पढ़ती है।

