राजसमंद : सरकारी कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने मंच से पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम को लेकर बयान दिया। मंच पर भाषण देते हुए ये तक कह दिया कि- ममता दीदी के राज का सफाया हो गया।’
इतना ही नहीं वे आगे ये भी बोले- 10 रुपए की झालमुडी ने कमाल कर दिया। भाजपा अब-भारतीय झालमुडी पार्टी बन गई।
इधर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वरलाल ने सरकारी कार्यक्रम में दिए इस बयान का वीडियो भी सामने आया है।
वहीं इस मामले में सीडीईओ रामेश्वरलाल का कहना है कि मंच से मेरी कोई ऐसी मंशा नहीं थी कि मैं किसी पार्टी का प्रचार-प्रसार करूं।

फोटो कार्यक्रम का है। जहां सीडीईओ ने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों को लेकर भाषण दिया था।
सरकारी स्कूल की बिल्डिंग के लोकार्पण का था कार्यक्रम
दरअसल, गुरुवार को राजसमंद जिले के खमनोर ब्लॉक स्थित पीएम श्री महात्मा गांधी स्कूल गावगुड़ा की नई बिल्डिंग का लोकार्पण था। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम दीया कुमारी को भी बुलाया गया था।
लेकिन, उनके पहुंचने से पहले मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने मंच से पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों को लेकर भाषण देना शुरू कर दिया।
वे बोले- बंगाल की विजय हम सभी के लिए गौरवपूर्ण है। आज भारतीय जनता पार्टी ने अपना नाम बदल दिया है। अब बीजेपी का मतलब हो गया है-भारतीय झालमुडी पार्टी। आपको पता होगा, वीडियो भी देखा होगा।
आज हिंदुस्तान का डंका विश्व में बज रहा है। 10 रुपए की झालमुडी कमाल कर गई। ममता दीदी का राज सफाया हो गया। बीजेपी का परचम लहरा गया। ये बीजेपी ही है जो सनातन धर्म और संस्कृति को आगे बढ़ा रही है।
सीडीईओ बोले-मैंने किसी पार्टी को वोट डालने की अपील नहीं की
इस वीडियो को लेकर जब सीडीईओ रामेश्वरलाल से बात की तो वे बोले- न तो मेरी मंशा थी कि मैं किसी पार्टी का प्रचार-प्रसार करूं। न ही मैंने किसी पार्टी को वोट डालने की अपील की है।
अभी जो माहौल चल रहा था उसी की मैंने चर्चा की। मैंने किसी के लिए कोई नेगेटिव बात नहीं की है। पश्चिमी बंगाल के हाल ही के चुनाव परिणाम की कवरेज टीवी, अखबार समेत सोशल मीडिया जो देखा वो कहा। माहौल के हिसाब से कह दिया था बाकी कुछ नहीं बोला। मेरा किसी भी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है।

