पटना : पटना में शुक्रवार को TRE-4 कैंडिडेट्स पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। कैंडिडेट्स को सड़कों पर दौड़ा-दौड़कर पीटा गया। इस दौरान कई के सिर फटे हैं।
महिला कैंडिडेट को पुलिस वालों ने पैरों से कुचला। कैंडिडेट्स ने कहा, हम आने वाले भविष्य के टीचर हैं। ये लोग हमें गुंडा समझ कर पीट रहे हैं।
लाठीचार्ज के बाद सड़कों पर कैंडिडेट्स की चप्पलें बिखरी दिखीं। एक कैंडिडेट के कपड़े सीने तक खून से सने थे। लाठीचार्ज के बाद कैंडिडेट्स ने आधे कपड़े उतार दिए और सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे।
बारिश के बीच अभ्यर्थी सड़क पर डटे हैं। कैंडिडेट्स की मांग है कि सरकार आज ही TRE-4 की वैकेंसी जारी करे।
आज सुबह 10 बजे कैंडिडेट्स वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर पटना कॉलेज से निकले थे। अभ्यर्थी BPSC ऑफिस तक मार्च निकाल रहे थे।
पुलिस ने JP गोलंबर पर सभी को बैरिकेडिंग कर के रोका था। इसके बाद लाठीचार्ज किया गया। इस प्रदर्शन में करीब 5 हजार कैंडिडेट्स शामिल हैं।

कैंडिडेट को लाठियों से पीटती पुलिस।

महिला कैंडिडेट को पुलिस वालों ने पैरों से कुचला।

पुलिस ने महिला कैंडिड्टेस पर भी लाठियां बरसाईं।

कैंडिडेट्स को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटती पटना पुलिस।

लाठीचार्ज के बाद सड़क पर बिखरे कैंडिडेट्स के जूते-चप्पल।

लाठीचार्ज के बाद अभ्यर्थियों ने कपड़े उतार कर प्रदर्शन किया।
हाईलाइट्स
- कैंड्डेट्स सुबह 10 बजे पटना कॉलेज से BPSC ऑफिस के लिए निकले थे।
- 11.30 बजे पुलिस ने कैंडिडेट्स को JP गोलंबर पर बैरिकेडिंग कर के रोका।
- 1 बजे पुलिस ने 3 बसों से लाठियां मंगवाईं। वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले पहुंचे।
- 1 घंटे कैंडिडेट्स JP गोलंबर पर प्रदर्शन करते रहे, बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की।
- 2 बजे पुलिस ने कैंडिडेटिस पर लाठीचार्ज कर दिया। कई के सिर फटे हैं।
वाटर कैनन बुलाई, लेकिन सीधे लाठीचार्ज कर दिया
लाठीचार्ज से पहले पुलिस ने कैंडिडेट्स को JP गोलंबर पर बैरिकेडिंग कर के रोका था। कैंडिडेट्स बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। इस दौरान 3 बसों से लाठियां मंगवाई गईं।
वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले भी मंगवाए गए थे, लेकिन इन सबका इस्तेमाल किए बिना ही पुलिस ने सीधे लाठीचार्ज कर दिया।
प्रदर्शन क्यों हो रहा है
छात्र नेता दिलीप का कहना है कि, अभ्यर्थियों को बरगलाया जा रहा है। BPSC परीक्षा नियंत्रक ने 16 अप्रैल को एक पॉडकास्ट में दावा किया था कि TRE-4 का विज्ञापन तीन-चार दिनों में जारी कर दिया जाएगा और 25-26 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। अब 8 मई हो चुकी है और अभी तक विज्ञापन जारी नहीं किया गया है।
इधर, अभ्यर्थियों का कहना है कि, हमलोग जमीन गिरवी रखकर तैयारी कर रहे हैं, लेकिन सरकार धोखा दे रही है। नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी को जल्द इस पर एक्शन लेना चाहिए।
नए शिक्षा मंत्री बोले- जल्द समस्या दूर करेंगे
शिक्षा मंत्री का पदभार संभालने के बाद मिथिलेश तिवारी ने कहा, हम सबको मिलकर बिहार को बदलना है। जो लोग प्रदर्शन कर रहे हैं उनकी समस्या का जल्द सामाधान किया जाएगा।
हम विभाग के अधिकारियों के साथ बैठेंगे और समस्याओं का हल निकालेंगे। हम सभी मिलकर बिहार को आगे बढ़ाएंगे। मैं शिक्षा मंत्री जरूर हूं, लेकिन बिहार को आगे बढ़ाने का काम हर बिहारी का है।
समस्या आज है तो हल भी आज ही निकलेगा। हम कल पर किसी काम को नहीं टालेंगे। बिहार के लोग मुझे सुझाव दें, कैसे हम शिक्षा को और बेहतर कर सकते हैं।
46,595 पदों पर आएगा नोटिफिकेशन
TRE-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर भर्ती की जाएगी। बिहार लोक सेवा आयोग को इसके लिए स्वीकृति पिछले फरवरी महीने में ही मिल चुकी थी। जिसे शिक्षा विभाग की ओर से वापस ले लिया गया और इसे वार्षिक कैलेंडर में भी शामिल कर लिया गया है।
संभावित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा 22 सितंबर से 27 सितंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएगी, जबकि रिजल्ट नवंबर 2026 में जारी होने की संभावना है। हालांकि अब तक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बनी हुई है।

