Breaking
Mon. May 25th, 2026

हाथरस में युवक का शव फंदे पर लटका मिला:रिश्तेदार के घर में लटकी मिली लाश, सुसाइड की आशंका

हाथरस : हाथरस के चंदपा कोतवाली क्षेत्र के मीतई गांव में 18 साल के युवक प्रिंस की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वो एक रिश्तेदार के मकान में फांसी पर लटका मिला। परिवार उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, सुखबीर का बेटा प्रिंस रिश्तेदार के मकान में सो रहा था। उसके साथ एक अन्य युवक भी था। आज सुबह उसी युवक ने प्रिंस को मकान में फांसी के फंदे पर लटका देखा। उसने तुरंत बाहर आकर शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। परिवार के लोगों ने प्रिंस को फंदे से उतारा और उसे लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।

मृतक प्रिंस हाई स्कूल की परीक्षा दे चुका था और मोटर मिस्त्री का काम करता था। उसके पिता भी मजदूरी करते हैं। परिवार के सदस्यों ने अभी तक प्रिंस की मौत के स्पष्ट कारण के बारे में कुछ नहीं कहा है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *