Breaking
Tue. May 26th, 2026

PBKS के वायरल वीडियो पर मचे बवाल के बाद श्रेयस अय्यर की बहन ने तोड़ी चुप्पी, ट्रोलर्स पर साधा निशाना

  • पंजाब किंग्स के IPL 2026 प्लेऑफ से बाहर होने के बाद श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा अय्यर का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर फिर वायरल हो गया

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : पंजाब किंग्स के IPL 2026 प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने के बाद सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो फिर चर्चा में आ गया है। इस वीडियो को लेकर लगातार ट्रोलिंग झेल रहीं श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा अय्यर ने अब ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोग न सिर्फ उन्हें बल्कि उनकी टीम और कार्यस्थल से जुड़े लोगों को भी परेशान कर रहे हैं। पेशे से डांसर और कोरियोग्राफर श्रेष्ठा अय्यर ने सोशल मीडिया पर दो वीडियो साझा कर अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि एक मजाकिया वीडियो को गलत तरीके से पेश किया गया और अब कुछ लोग उसे आधार बनाकर उन्हें निशाना बना रहे हैं।

क्या था पूरा मामला?

कोलकाता में पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था, जिसके बाद दोनों टीमों को एक-एक पॉइंट साझा करना पड़ा था। इसके बाद श्रेष्ठा ने अपनी टीम के साथ एक डांस वीडियो बनाया था। वीडियो में श्रेष्ठा ने कहा था- साडे पंजाबियां दा दिल वड्डा हुंदा ए, लो, दित्ता एक पॉइंट। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बाद में जब पंजाब किंग्स पॉइंट्स टेबल में टॉप-4 से बाहर हो गई और प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई, तो कई फैंस ने उसी वीडियो को लेकर उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।

ट्रोलिंग नहीं, सिर्फ मजाक था

श्रेष्ठा ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में कहा कि उनके वीडियो के पीछे किसी भी टीम या खिलाड़ी के प्रति गलत भावना नहीं थी। उन्होंने कहा कि उनके पास बहुत कुछ कहने के लिए है और वो वही कहने आई हैं। जिस वीडियो को लेकर इतना बवाल मचाया जा रहा है, वह उनके हिसाब से सिर्फ एक मजेदार मजाक था। उसके पीछे कोई गलत इरादा नहीं था। उन्होंने आगे कहा कि वह सिर्फ अपने भाई की टीम का समर्थन कर रही थीं और इसका मतलब यह नहीं था कि वह किसी दूसरी टीम या उसके खिलाड़ियों से नफरत करती हैं। वह सभी क्रिकेटरों का सम्मान करती हूं क्योंकि उनका भाई खुद एक क्रिकेटर है। उनके मन में हर खिलाड़ी के लिए काफी सम्मान है।

ट्रोलर्स पर साधा निशाना

श्रेष्ठा ने उन लोगों पर भी निशाना साधा जो लगातार उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने कह कि अगर आप मेरे कमेंट सेक्शन में जाएंगे तो देखेंगे कि वहां कितने खराब कमेंट्स हैं। ऐसे बहुत से लोग हैं जो निराश और बेवजह नफरत फैलाने वाले हैं। उन्हें सच में उन पर तरस आता है। उनकी टीम और स्टूडेंट तक को फोन किए जा रहे हैं। श्रेष्ठा ने दावा किया कि मामला सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है। उनके अनुसार कुछ लोग उनके कार्यस्थल तक पहुंच रहे हैं और उनकी टीम के सदस्यों को फोन करके परेशान कर रहे हैं।

प्लेऑफ से चूकी पंजाब किंग्स

IPL 2026 में पंजाब किंग्स ने शानदार शुरुआत की थी और शुरुआती सात मैचों में टीम एक भी मैच नहीं हारी थी। हालांकि, बाद के मुकाबलों में टीम लय बरकरार नहीं रख सकी और अंततः प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर श्रेष्ठा अय्यर का पुराना वीडियो फिर वायरल हो गया और ट्रोलिंग का सिलसिला तेज हो गया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *