Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

शहर की सरकार को योगी का धुआंधार प्रचार, बोले ‘काशी धाम बना, सहमत हो तो बांके बिहारी धाम बने’

मथुरा : सीएम योगी गुरुवार को मथुरा पहुंचे। यहां चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सपा सरकार पर निशाना साधा। योगी ने कहा, “2017 से पहले मथुरा में जवाहर बाग की घटना हुई थी। गुंडा गर्दी ,अराजकता का अड्डा था। आज जवाहर बाग में बेहतरीन पार्क मिलेगा।” उन्होंने लोगों से कहा- जैसे काशी में काशी विश्वनाथ धाम बना। अगर सब लोग सहमत हों तो बांके बिहारी का धाम भी काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर बने।

कहा कि अमृत मिशन के अंतर्गत मथुरा को 357 करोड़ रुपये हम लोगों ने आंवटित किया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 15273 व्यक्तिगत शौचालय और 10254 सामुदायिक शौचालय भी यहां बनाए गए हैं। सात नगर निकायों ने यहां गौशाला निर्माण को स्वीकृति दी है।

सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि आज भारत की शक्ति का दुनिया लोहा मान रही है। दुनिया के अंदर जहां कहीं भी कोई समस्या आती है तो विश्व के नेता भारत की ओर देखते हैं। कहा कि अभी सूडान के दो जनरल आपस में लड़ गए। इस पर पीएम ने तुरंत निर्णय लिया। भारत ने बिना देरी किए ऑपरेशन कावेरी शुरू किया। भारतीयों को सुरक्षित वापस आने की कार्रवाई शुरू हुई।

आज से पहले मथुरा-वृंदावन में क्या होता था, लोग परेशान रहते थे। आज हमारे पास यहां के विकास के लिए कार्ययोजना है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कार्ययोजना बन चुकी हैं। सासंद हेमा मालिनी की देखरेख में बहुत जल्द उसे धरातल पर उतारा जाएगा।

’84 कोस की परिक्रमा मथुरा में भी होगी’
सीएम ने कहा, “84 कोस की परिक्रमा अयोध्या में ही नहीं ब्रज में भी होगी। ब्रज क्षेत्र के विकास में 32 हजार करोड़ की परियोजना चल रही हैं। जिस दिन यह परियोजनाएं पूरी होंगी। उस दिन द्वापर युग का सपना साकार होगा।”

गुरुवार को CM की चार जिलों में सभा
निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को मथुरा, फिरोजाबाद और आगरा में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह राजधानी के डालीगंज क्षेत्र में भी जनसभा करेंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *