Breaking
Sat. May 30th, 2026

मथुरा में बिजली कटौती के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग:बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की, बोले- अधिकारी और कर्मचारी फोन नहीं उठाते

मथुरा : मथुरा में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने से परेशान लोगों का शुक्रवार रात गुस्सा फूट पड़ा। बीएसए कॉलेज रोड स्थित आनंदपुरी, नवनीत नगर, प्रोफेसर कॉलोनी समेत चार कॉलोनियों के लोगों ने सड़क जाम कर बिजली विभाग, जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रात करीब 10 बजे शुरू हुए प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र का विद्युत ट्रांसफार्मर चार दिन पहले खराब हो गया था। इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और एसडीओ से की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली न मिलने से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बिजली बाधित होने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, जिससे लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन में शामिल मदन मोहन अग्रवाल ने बताया कि लगातार चार दिनों से बिजली न होने के कारण लोग रातभर परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन करने पर भी कोई ठोस जवाब नहीं मिल रहा है। वहीं स्थानीय निवासी अंजुम ने कहा कि छोटे बच्चे गर्मी से बेहाल हैं और घरों में अंधेरा रहने के कारण खाना बनाने से लेकर अन्य दैनिक कार्यों तक में मुश्किलें आ रही हैं।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा और कोतवाली प्रभारी विनोद बाबू मिश्रा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की।

अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान के कारण शहर के कई इलाकों में बिजली के खंभे और लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिसके चलते आपूर्ति प्रभावित हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विद्युत विभाग की टीमें लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हैं और जल्द ही बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *