प्रयागराज, लखनऊ : यूपी में 32,679 कॉन्स्टेबल भर्ती-2025 परीक्षा का आज यानी मंगलवार को दूसरा दिन है। पहली पाली की परीक्षा के लिए कड़ी चेकिंग के बाद अभ्यर्थियों को एग्जाम हॉल में एंट्री गई। एडमिट कार्ड, बायोमेट्रिक मिलान और रेटिना स्कैन किया गया। हाथरस में महिला अभ्यर्थियों के जूड़े खुलवाकर चेकिंग की गई।
लखनऊ में ईयररिंग उतरवाई गईं। जौनपुर में क्लेचर, कंगन और चूड़ियां उतरवाई गईं। कानपुर में अभ्यर्थियों के मुंह खुलवाकर चेकिंग की गई। इससे पहले, सोमवार को दो पालियों में 9.62 लाख अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, लेकिन 7.23 लाख ही परीक्षा देने पहुंचे। करीब 2.39 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
लखनऊ में परीक्षा देकर लौट रहे बाइक सवार बाप-बेटे को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। वाराणसी में बाइक से बेटी को परीक्षा दिलाने ले जा रहे पिता को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों की मौत हो गई।
गोरखपुर में बिहार का रहने वाला अभ्यर्थी राम प्रकाश अंडरवियर में मोबाइल छिपाकर पहुंचा। एग्जाम हॉल में पेपर देने के दौरान ड्यूटी पर तैनात शिक्षक को उस पर शक हो गया। चेकिंग की गई तो उसके पास से मोबाइल मिला। आज उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
हापुड़ में एक अभ्यर्थी के पास मोबाइल फोन मिला। मामले में लापरवाही मिलने पर दो दरोगा समेत 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। पहली शिफ्ट में परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी।
इसी तरह दूसरी शिफ्ट में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा चलेगी। सभी 75 जिलों में 1,183 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिनों (8, 9 और 10 जून) में 28 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

फर्रुखाबाद में महिला अभ्यर्थियों के कानों के कुंडल, चूड़ी-कंगन उतरवाए गए।

प्रतापगढ़ में चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों के अंदर एंट्री मिली।

कानपुर में महिला अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र और आधार कार्ड चेक किए गए।
सिपाही भर्ती के बारे में जानिए
- 32,679 कॉन्स्टेबल और समकक्ष पदों के लिए 31 दिसंबर 2025 को नोटिफिकेशन जारी हुआ था। 30 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन हुए। 29 लाख 45 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। जांच के दौरान 60 हजार आवेदन निरस्त कर दिए गए।
- 28 लाख 85 हजार उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड जारी हुए हैं। लिखित परीक्षा 300 नंबर की होगी। 150 सवाल पूछे जाएंगे। हर सवाल 2 नंबर का होगा। इस बार नेगेटिव मार्किंग व्यवस्था खत्म कर दी गई है।
- लिखित परीक्षा में पास होने वाले कैंडिडेट्स ही फिजिकल टेस्ट में शामिल हो सकेंगे। पुरुषों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ 25 मिनट में और महिलाओं को 2.4 किलोमीटर की दौड़ 14 मिनट में पूरी करनी होगी। इसके बाद फाइनल रिजल्ट घोषित होगा।
प्रयागराज में DCP कर रहे चेकिंग, पुलिस अलर्ट
प्रयागराज में अभ्यर्थियों की चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया। जूते-मोजे बाहर उतरवा दिए गए। वहीं महिला अभ्यर्थियों के कानों की बालियां उतरवाई गईं। बालों से क्लेचर हटवाए गए। DCP और अन्य अधिकारी परीक्षा केंद्रों पर जाकर निरीक्षण कर रहे हैं।
लखनऊ में बाली पहनकर आया अभ्यर्थी, पुलिस ने बाहर उतरवाई
लालबाग स्थित अमीर उद दौला इस्लामिया कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी बाली पहनकर आया। पुलिस ने उसे बाहर ही उतरवा दी।
प्रतापगढ़ में ड्यूटी पर लगे शिक्षकों की भी जांच, फोन बाहर रखवाए
प्रतापगढ़ में 17 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हो रही है। केंद्रों के बाहर सुबह 8 बजे से ही अभ्यर्थी पहुंच गए थे। परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी में लगे शिक्षकों को भी पहचान पत्र की जांच के बाद एंट्री दी जा रही है। उनके मोबाइल फोन जमा कराए जा रहे हैं।
वहीं शहर के एमडीपीडी परीक्षा केंद्र के बाहर सुबह से ही अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

