Breaking
Wed. Jun 10th, 2026

उरी सेक्टर के आर्मी कैंप में फटा ग्रेनेड, दो सैनिकों की मौत, घटना को माना जा रहा एक्सीडेंटल ब्लास्ट

  • उरी सेक्टर के आर्मी कैंप में ग्रेनेड फटने से हड़कंप मच गया। घायल सैनिकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया

बारामूला : जम्मू-कश्मीर में बारामूला जिले के उरी सेक्टर में मंगलवार को दुर्घटनावश एक ग्रेनेड के फटने से दो जवानों की मौत हो गई। सेना के अधिकारियों ने बताया कि उरी के कमलकोट स्थित एक शिविर में उपकरणों के रूटीन इक्विपमेंट हैंडओवर के दौरान एक हैंड ग्रेनेड गलती से फट गया, जिससे दो जवान घायल हो गए। 

डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

सेना के अधिकारी ने कहा कि घायल जवानों को सेना के 92 बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कानून के अनुसार आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी गई है। इस तरह ग्रेनेड फटने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

माना जा रहा एक्सीडेंटल ब्लास्ट 

इस घटना को एक एक्सीडेंटल ब्लास्ट माना जा रहा है और आगे की जानकारी का इंतजार है। श्रीनगर स्थित रक्षा विभाग के पीआरओ ने कहा कि वे संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करने के बाद ही इस घटना पर टिप्पणी करेंगे।

LoC के पास से पाकिस्तानी किशोर लिया गया हिरासत में

वहीं, दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में मंगलवार को नियंत्रण रेखा (LoC) पार करके भारतीय सीमा में दाखिल होने के बाद 14 वर्षीय पाकिस्तानी लड़के को सेना ने हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने कहा कि मेंढर सेक्टर के नागरी टेकरी इलाके में सीमा पार करने के कुछ ही देर बाद अग्रिम क्षेत्र में सतर्क जवानों ने इस किशोर को रोका। 

अनजाने घुस आया भारतीय सीमा में

उनके अनुसार, प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि वह अनजाने में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) से एलओसी पार करके भारतीय क्षेत्र में आ गया। अधिकारियों ने कहा कि लड़के को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और स्थापित प्रक्रियाओं के अनुसार उसके साथ व्यवहार किया जा रहा है। 

की जा रही पूछताछ

उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां लड़के से पूछताछ कर रही हैं। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद लड़के को वापस पाकिस्तान भेजे जाने की संभावना है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *