लखनऊ/वाराणसी/प्रयागराज/कानपुर : यूपी में प्री-मानसून की बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। बुधवार तड़के गोरखपुर, मेरठ, सहारनपुर, गोंडा, आजमगढ़, देवरिया, बलिया, फर्रुखाबाद, संभल, बिजनौर समेत 12 शहरों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहे। बीच-बीच में धूप भी निकल रही है। लेकिन, हवा में नमी की वजह से गर्मी से कुछ राहत है।
इससे पहले, बरेली में बुधवार देर रात 90 की रफ्तार से तूफान आया। जोरदार बारिश हुई। सड़कों पर करीब 2 फीट तक पानी भर गया। सैकड़ों पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग्स गिर गए। पेट्रोल पंप की पूरी छत उड़ गई। पेड़ों की टहनियां टूटकर बिजली के तारों पर गिर गईं। इससे पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। करीब 10 घंटे बाद बिजली सप्लाई बहाल की जा सकी।
मौसम विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में ओले और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। IMD के मुताबिक, 24 घंटे के अंदर एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो जाएगा। इससे प्री-मानसून जोर पकड़ेगा। अगले तीन दिन तक मौसम का ऐसा ही मिजाज बना रहेगा।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो बुधवार सुबह नोएडा, गाजियाबाद और संभल में तेज हवा के साथ बारिश हुई। हालांकि, बाकी शहरों में तेज धूप निकली। आंधी-तूफान से चित्रकूट में 4.5 करोड़ के श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम की छत उड़ गई। इटावा में 100 की रफ्तार से आए तूफान में टिनशेड उड़कर महिला पर गिर गई।
लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया-

यूपी में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे प्री-मानसून की गतिविधियों में तेजी आएगी। 15-16 जून तक आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला चलेगा। प्रदेश में मानसून अपने तय समय यानी 20 जून तक एंट्री करेगा। 10 दिन के अंदर पूरे यूपी पर छा जाएगा।
मुजफ्फरनगर अचानक मौसम बदला, झमाझम बारिश हुई
मुज़फ्फरनगर में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से छाए काले बादलों के बीच दिन निकलते ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दी। कई जगह मूसलाधार बारिश से जलभराव तक हो गया। तापमान 40 से 46 डिग्री के स्तर से गिरकर करीब 29 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि हवा की रफ्तार 23 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम सुहावना होने से लोगों ने राहत की सांस ली और सड़कों पर बारिश का आनंद लेते नजर आए।
बरेली में तूफान से तबाही
बरेली में बुधवार देर रात आए तूफान से भारी तबाही हुई है। सैकड़ों पेड़ गिर गए तो बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। पेट्रोल पंप की पूरी छत उखड़ गई। पेड़ टूटकर बिजली के तारों पर गिर गए। यूनीपोल गिर गए।
यूपी में प्री-मानसून बारिश

संभल में गुरुवार सुबह तेज बारिश हुई। तेज हवाओं की वजह से मौसम ठंडा हो गया।

संभल में अचानक हुई बारिश में लोग सड़कों पर भीगते नजर आए।

रामपुर में बुधवार देर रात तूफान आया। मूसलाधार बारिश हुई।

देवरिया में गुरुवार सुबह से हो रही रुक-रुक कर मूसलाधार बारिश से गलियों में पानी भर गया।

सहारनपुर में तेज हवा और बूंदाबांदी के बीच लोगों को गर्मी से राहत मिली।
गोरखपुर में गरज-चमक के साथ बारिश से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत
- गोरखपुर में प्री-मानसून एक्टिव हो गया है। गुरुवार सुबह से ही मौसम पूरी तरह बदल गया है। देर रात से गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो अभी भी जारी है। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते मौसम काफी सुहावना हो गया है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
- मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिनभर 27 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, अगले दो दिनों तक बादल छाए रहने के साथ रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं।
आगरा में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने का अलर्ट
आगरा में भीषण गर्मी के बीच गुरुवार दोपहर बाद मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने तेज आंधी के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई है। हालांकि, सुबह से तेज धूप निकल रही है। हल्की हवा चल रही है। 16 जून तक आंधी और बारिश के आसार हैं।
5 दिन कैसा रहेगा मौसम…
- 12 जून: पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद है।
- 13 जून: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में रिमझिम बारिश के आसार हैं। पारा 3-4°C तक लुढ़क सकता है।
- 14 जून: पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। हल्की ठंडी हवाएं गर्मी से राहत दिलाएंगी।
- 15 जून: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में तेज हवाएं चलेंगी। जोरदार बारिश होगी। लू से राहत बरकरार रहेगी।
- 16 जून: पूरे प्रदेश में बादलों की आवाजाही रहेगी। हवा में नमी की वजह से गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।

