हाथरस : हाथरस में दहेज की मांग को लेकर एक महिला ने अपने पति और सास सहित ससुराल पक्ष के लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुरसान थाना क्षेत्र के सुरतिया निवासी लक्ष्मी देवी की शादी 17 फरवरी 2021 को बुलंदशहर के अरनियाँ थाना क्षेत्र के नागल जरारा निवासी सन्देश कुमार से हुई थी। आरोप है कि शादी में दिए गए दान-दहेज से पति सन्देश और सास कुसुम देवी संतुष्ट नहीं थे।
विवाहिता के अनुसार, ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और उसे लगातार परेशान किया जाता था। लक्ष्मी देवी ने बताया कि उसका पति सन्देश कुमार एसएसबी बल में बिहार के जयनगर में तैनात है। उसे बाद में पता चला कि शादी से पहले उसके पति के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध थे।
इसी कारण पति अपनी मां कुसुम देवी के सहयोग से शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित और मारपीट करता था। आरोप है कि ससुराल वालों ने लक्ष्मी देवी के पिता द्वारा दिए गए स्त्रीधन, जिसमें सोने के झाले, तीन अंगूठियां, एक हार और चांदी की पांच जोड़ी पायल शामिल थीं, जबरन छीन लिए। जब उसने विरोध किया तो उसे गंभीर रूप से पीटा गया और धमकी दी गई कि जब तक वह पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज नहीं लाएगी, उसे घर में नहीं रखा जाएगा।
महिला थाना पुलिस जांच में जुटी
मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने किसी तरह अपने मायके वालों को सूचना दी, जिसके बाद वे उसे बचाकर लाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

