Breaking
Fri. Jun 12th, 2026

पुलिस अभिरक्षा में प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या की, गुजरात के होटल में गला रेता, फिर खुद भी किया आत्महत्या का प्रयास

  • शिवपुरी पुलिस द्वारा गुजरात से बरामद प्रेमी युगल में से युवक ने होटल में प्रेमिका की गला रेतकर हत्या कर दी

ग्वालियर : शिवपुरी जिले से जुड़े एक सनसनीखेज घटनाक्रम में पुलिस द्वारा प्रेमी युगल को गुजरात से बरामद कर वापस लाते समय एक होटल में युवती की हत्या कर दी गई। हत्या करने वाला उसका प्रेमी ही है, जिसने वारदात के बाद खुद का गला काटकर आत्महत्या का प्रयास भी किया। प्रेमी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

प्रेमी युगल को वापस ला रही थी पुलिस

जानकारी के अनुसार शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पिपरसमां से एक युवक और युवती घर से भाग गए थे। उनकी तलाश के बाद देहात थाना पुलिस ने दोनों को गुजरात से बरामद किया। इसके बाद पुलिस टीम उन्हें वापस शिवपुरी लेकर लौट रही थी।

जहां वारदात, उसी कमरे में सो रहे थे पुलिसकर्मी

लंबी यात्रा और देर रात होने के कारण पुलिस टीम ने गुजरात के राजकोट में एक होटल में ठहरने का निर्णय लिया। बताया जा रहा है कि सभी लोगों के लिए एक बड़ा कमरा किराए पर लिया गया था। रात में जब पुलिसकर्मी और अन्य लोग सो रहे थे, तभी युवक संतोष जाटव (25) ने कथित तौर पर युवती रजनी धाकड़ (21) का धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।

रजनी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद संतोष ने भी अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल संतोष को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। युवती की हत्या के मामले में आरोपी संतोष जाटव के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का यह तर्क

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले ने बताया कि पुलिस टीम लंबी दूरी तय कर बेहद थक चुकी थी। भोजन के बाद सभी लोग होटल में आराम कर रहे थे, तभी आरोपित ने इस वारदात को अंजाम दिया। मामले की विस्तृत जांच जारी है और घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *